लेखपाल परीक्षा को लेकर रेलवे का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों के लिए बरेली से मथुरा तक परीक्षा स्पेशल गाड़ी चलेगी, कई ट्रेनों का समय बदला
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और यात्रा सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे ने 21 मई 2026 को बरेली जंक्शन से मथुरा जंक्शन के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही कई ट्रेनों के समय में बदलाव और री-शिड्यूलिंग भी की गई है ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 05309/05310 बरेली जं.-मथुरा जं.-बरेली जं. परीक्षा विशेष गाड़ी का संचालन विशेष रूप से लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए किया जा रहा है।
सुबह 4 बजे बरेली से चलेगी परीक्षा विशेष ट्रेन
05309 बरेली जं.-मथुरा जं. परीक्षा विशेष गाड़ी 21 मई 2026 को बरेली जंक्शन से प्रातः 04:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बदायूँ में 04:48 बजे, उझानी में 05:00 बजे, सोरों शूकर क्षेत्र में 05:32 बजे, कासगंज में 06:10 बजे, सिकन्दरा राव में 06:36 बजे, हाथरस सिटी में 07:17 बजे तथा मथुरा कैंट में 08:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन मथुरा जंक्शन पर 08:45 बजे पहुंचेगी।
परीक्षा के बाद दोपहर में होगी वापसी
वापसी यात्रा में 05310 मथुरा जं.-बरेली जं. परीक्षा विशेष गाड़ी 21 मई 2026 को मथुरा जंक्शन से 13:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मथुरा कैंट से 13:25 बजे, हाथरस सिटी से 14:13 बजे, सिकन्दरा राव से 14:42 बजे, कासगंज से 15:20 बजे, सोरों शूकर क्षेत्र से 15:40 बजे, उझानी से 16:17 बजे तथा बदायूँ से 16:35 बजे प्रस्थान करते हुए बरेली जंक्शन पर 17:50 बजे पहुंचेगी।
कई ट्रेनों का समय बदला, रेलवे ने लिया विशेष निर्णय
रेलवे प्रशासन ने परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अन्य ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया है। 55335 कासगंज-मथुरा जं. सवारी गाड़ी अब कासगंज से अपने निर्धारित समय 11:40 बजे के बजाय 80 मिनट री-शिड्यूल होकर 13:00 बजे चलाई जाएगी। 15037 कानपुर अनवरगंज-कासगंज एक्सप्रेस कानपुर अनवरगंज से निर्धारित समय 11:40 बजे के स्थान पर 65 मिनट देरी से यानी 12:45 बजे रवाना होगी। 55345 लखनऊ जं.-कासगंज सवारी गाड़ी रावतपुर से फर्रुखाबाद के बीच 65 मिनट नियंत्रित की जाएगी और फर्रुखाबाद से यह ट्रेन निर्धारित समय 11:00 बजे के बजाय 13:00 बजे चलाई जाएगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भीड़ को व्यवस्थित करने और सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे के इस निर्णय से बरेली, बदायूँ, कासगंज, हाथरस और मथुरा क्षेत्र के हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।