बारिश ने रोक दी चिता की आग, आगरा में महिला का दो बार करना पड़ा अंतिम संस्कार

आगरा के शमसाबाद क्षेत्र की धिमिश्री ग्राम पंचायत में श्मशान घाट पर टीनशेड और अन्य सुविधाओं के अभाव में एक महिला का अंतिम संस्कार दो बार करना पड़ा। तेज बारिश से चिता अधजली रह गई, जिसके बाद अगले दिन परिजनों ने दोबारा अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद श्मशान घाटों की बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।

Jul 9, 2026 - 16:57
 0
बारिश ने रोक दी चिता की आग, आगरा में महिला का दो बार करना पड़ा अंतिम संस्कार
दुबारा से चिता में आग लगाते परिजन।

आगरा। आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत धिमिश्री से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां श्मशान घाट पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में एक महिला का अंतिम संस्कार एक नहीं, बल्कि दो बार करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के कारण चिता पूरी तरह नहीं जल सकी और परिजनों को अगले दिन फिर से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी।

बुधवार, 8 जुलाई को गांव निवासी मनोज मुखिया चक की पत्नी वीनू का निधन हो गया। शोकाकुल परिजन उनका अंतिम संस्कार करने के लिए गांव के श्मशान घाट पहुंचे। श्मशान घाट पर न तो टीनशेड था और न ही बारिश से बचाव की कोई व्यवस्था। परिजनों ने काफी देर तक बारिश थमने का इंतजार किया, लेकिन जब मौसम में कोई सुधार नहीं हुआ तो किसी तरह चिता को अग्नि दी गई। हालांकि तेज बारिश के कारण चिता पूरी तरह नहीं जल सकी और अंतिम संस्कार अधूरा रह गया।

गुरुवार सुबह जब परिजन दोबारा श्मशान घाट पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चिता अधजली पड़ी है। इसके बाद लकड़ी और कंडों की व्यवस्था कर दोबारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दर्दनाक घटना ने गांव के लोगों को भी भावुक कर दिया। करीब 15 हजार की आबादी वाली धिमिश्री ग्राम पंचायत में तीन श्मशान घाट हैं, लेकिन किसी भी श्मशान पर टीनशेड, बारिश से बचाव या अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि श्मशान घाट पर पर्याप्त व्यवस्था होती तो परिवार को इस पीड़ादायक स्थिति से नहीं गुजरना पड़ता।

घटना की जानकारी मिलने पर किसान नेता रामनिवास रघुवंशी श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए तहसील फतेहाबाद प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। रामनिवास रघुवंशी का कहना है कि पिछले एक वर्ष से वे धिमिश्री के तीनों श्मशान घाटों पर टीनशेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए और धरना-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धिमिश्री के श्मशान घाटों पर जल्द से जल्द टीनशेड, पक्का प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को बारिश के बीच अपने प्रियजन का दोबारा अंतिम संस्कार करने जैसी दर्दनाक स्थिति का सामना न करना पड़े।