12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले राजानी दंपति का आगरा में पुष्प वर्षा से स्वागत

आगरा। शिव भक्ति की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले अहमदाबाद के दम्पत्ति नीलेश राजानी और सोनिया राजानी का शिव की नगरी आगरा में भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय सिंधी महासंघ द्वारा ग्वालियर रोड पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जिसके बाद जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल भवन में भव्य स्वागत समारोह आयोजित हुआ। पूरे कार्यक्रम में महाकाल, शिव-पार्वती और भगवान झूलेलाल के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

May 17, 2026 - 22:16
 0
12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले राजानी दंपति का आगरा में पुष्प वर्षा से स्वागत
अहमदाबाद के राजानी दंपति का आगरा में स्वागत करते सिंधी समाज के लोग।

यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अटूट संकल्प, कठिन तपस्या और सनातन आस्था का जीवंत उदाहरण बन चुकी है। समारोह में श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां समाजजनों ने दम्पत्ति के साहस और भक्ति को नमन किया।

राष्ट्रीय सिंधी महासंघ के संरक्षक जितेन्द्र त्रिलोकानी ने बताया कि नीलेश राजानी और सोनिया राजानी भारत के पहले ऐसे दम्पत्ति हैं जो 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल पदयात्रा कर रहे हैं। यह पवित्र यात्रा 23 जुलाई को अहमदाबाद (गुजरात) से प्रारंभ हुई थी। अब तक यह दम्पत्ति 11 राज्यों की कठिन पैदल यात्रा पूरी कर चुके हैं।

यात्रा के दौरान दोनों श्रद्धालु अब तक 8 ज्योतिर्लिंगों और 5 शक्तिपीठों के दर्शन कर चुके हैं। विशेष बात यह है कि हर 30 से 50 किलोमीटर के अंतराल पर सिंधी समाज के परिवारों द्वारा ठहराव, सेवा और सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे यह यात्रा और भी सुगम और भावनात्मक बनती जा रही है।

कठिन मौसम, लंबी दूरी और अनेक चुनौतियों के बावजूद दम्पत्ति ने हर बाधा को पीछे छोड़कर केवल अपनी श्रद्धा और संकल्प को आगे रखा है। अनुमान है कि यह आध्यात्मिक यात्रा लगभग 5 महीने और चलेगी। संत-महात्माओं और सिंधी समाज का आशीर्वाद इस यात्रा को निरंतर ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

यह यात्रा अब केवल व्यक्तिगत भक्ति नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा भाव और सामाजिक एकता का प्रेरक प्रतीक बन चुकी है।

कार्यक्रम का संचालन मनोहर लाल हंस ने किया, जबकि अध्यक्षता महेश कुमार सोनी ने की। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश सोनी, झूलेलाल भवन ट्रस्टी शोभाराम पुरुसनानी, जयरामदास होतचंदानी, हीरालाल त्रिलोकानी, विपिन करीरा, रामचंद्र हंसानी, खेमचंद तेजनी, राजकुमार हंसानी, राजू खेमानी, अर्पित चित्रांश, अर्पित त्रिलोकानी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor