भारत–मालदीव संसदीय मैत्री समूह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन शामिल किये गये
आगरा। भारत और मालदीव के बीच संसदीय कूटनीति को नई मजबूती देने के लिए गठित भारत–मालदीव संसदीय मैत्री समूह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन को नामित किया गया है। यह समूह 11 सदस्यीय होगा।
लोकसभा सचिवालय की कॉन्फ्रेंस एवं प्रोटोकॉल शाखा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, 18वीं लोकसभा की अवधि के लिए गठित इस संसदीय मैत्री समूह का उद्देश्य भारत और मालदीव की संसदों के बीच संवाद, सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है। यह समूह दोनों देशों के सांसदों के बीच नियमित संवाद, विचार-विमर्श और अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच बनेगा।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन का इस अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच में चयन उनके सक्रिय संसदीय योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और जनहित के मुद्दों पर निरंतर मुखर भूमिका का प्रमाण है।
मनोनयन की खबर सामने आते ही आगरा सहित ब्रज क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने सांसद नवीन जैन को बधाई देते हुए इसे सम्मान और प्रेरणा का विषय बताया है।