रोम-रोम में राम...भक्ति सुरों में डूबा आगरा का सिकंदरा क्षेत्र, सनातन संगीत संध्या ने बांधा श्रद्धा का समां

आगरा। पवित्र पुरुषोत्तम अधिक मास के शुभ अवसर पर सिकंदरा स्थित श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन भक्ति, संगीत और सनातन संस्कृति के दिव्य संगम का साक्षी बना। रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल (अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन सम्मान समिति) एवं सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सनातन भक्ति संगीत संध्या के प्रथम आयोजन में भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बनाया कि पूरा परिसर राम नाम के जयघोष से गूंज उठा।

May 18, 2026 - 19:41
 0
रोम-रोम में राम...भक्ति सुरों में डूबा आगरा का सिकंदरा क्षेत्र, सनातन संगीत संध्या ने बांधा श्रद्धा का समां
सिकंदरा स्थित श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन में आयोजित सनातन संगीत संध्या में भजन प्रस्तुत करते कलाकार।

कार्यक्रम का शुभारंभ वृद्धजन सम्मान समिति के संस्थापक एवं सेवा प्रमुख डॉ. गिरीश सी. गुप्ता, सुभारत संगीत निकेतन के संस्थापक पंडित देवाशीष गांगुली, मुख्य अतिथि बीडी अग्रवाल, मंजू गुप्ता, मीता गांगुली, देवाशीष रत्ना चैटर्जी तथा समृद्धि सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।

सनातन भक्ति संगीत संध्या में पंडित देवाशीष गांगुली संगीतेश के निर्देशन में हिंदू, बौद्ध, जैन, सिख, आर्य समाज एवं राधा स्वामी सत्संग सहित विभिन्न मतों के सुमधुर भजनों की श्रृंखलाबद्ध प्रस्तुति दी गई। जब मंच से यह भजन गूंजा-  तेरे मन में राम, तन में राम, रोम-रोम में राम रे,
राम सुमिर ले ध्यान लगा रे, छोड़ जगत के काम रे...! तो पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में डूब गया और श्रोता भावविभोर होकर भक्ति रस में झूम उठे।

कार्यक्रम में संगीत डिप्लोमा के जूनियर वर्ग के विद्यार्थी कलाकारों सविना खान, राजेश कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह, रागिनी जैन, प्रतीक्षा जैन, निशा गोस्वामी, निखिल कुलश्रेष्ठ, करीना गोयल, सरदार अमनदीप सिंह, वैभव शर्मा, भव्यांश गोयल, कपिल सागर, शांभवी ठाकुर एवं उत्कर्ष तिवारी ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

वहीं सीनियर डिप्लोमा वर्ग की चित्रा गोयल, अयान खां, विदिशा शांत, प्रशांत परिहार, महिमा सत्संगी और अमिता शांत ने सुरों की ऐसी छटा बिखेरी कि श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे। संगीत प्रभाकर डिप्लोमा की समृद्धि सिंह (कोषाध्यक्ष), आदित्य सिंह राणा (सह सचिव), अरमा कुमारी और पूजा अग्रहरि ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

विशेष प्रस्तुतियों में पंडित देवाशीष गांगुली, आकाशवाणी कलाकार एवं सह संस्थापिका मीता गांगुली तथा आकाशवाणी की उद्घोषिका एवं मंच संचालिका डॉ. वैशाली शर्मा ने भक्ति संगीत के गायन से वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया। पुष्पांजली नर्सिंग स्कूल की छात्राओं एवं शिवानी द्वारा प्रस्तुत भजनों को भी खूब सराहना मिली।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़, राजेश गुप्ता, जेपी शर्मा, तरुण राज, एसके गुप्ता, रामेंद्र शर्मा, मनोज कुमार, कमलदीप, विजय पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सनातन संस्कृति और भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

SP_Singh AURGURU Editor