फतेहपुर सीकरी में रानी अवंती बाई लोधी स्मृति द्वार बनेगा आगरा गेट से सहकुली तिराहे तक

फतेहपुर सीकरी में लोधी समाज की बैठक में 1857 की वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की स्मृति में स्मृति द्वार निर्माण को लेकर स्थलीय चयन पर चर्चा हुई। नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्ताव पहले ही पारित किया जा चुका है, टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बजट जारी है। समाज ने आगरा गेट से सहकुली तिराहे तक स्मृति द्वार निर्माण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम ने भव्य निर्माण का आश्वासन दिया।

Mar 2, 2026 - 00:12
 0
फतेहपुर सीकरी में  रानी अवंती बाई लोधी स्मृति द्वार बनेगा आगरा गेट से सहकुली तिराहे तक
वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की स्मृति में स्मृति द्वार निर्माण को स्थल चयन को लेकर ज्ञापन देते लोधी समाज के लोग।

फतेहपुर सीकरी। श्री राम मंदिर के समीप स्थित लोधी धर्मशाला में रविवार को लोधी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली मिलन समारोह के साथ-साथ 1857 की क्रांति की वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की स्मृति में प्रस्तावित स्मृति द्वार के स्थलीय चयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी स्मृति द्वार का निर्माण नगर पालिका परिषद की पूर्व स्वीकृति के अनुरूप कराया जाएगा। बताया गया कि नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी की बैठक में प्रस्ताव पहले ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। परिषद की अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम द्वारा शासन से अनुमति लेकर निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है।

बजट जारी, ठेकेदार को अनुमति

सभासदों ने जानकारी दी कि स्मृति द्वार निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया गया है और संबंधित ठेकेदार को भी कार्य प्रारंभ करने की अनुमति मिल चुकी है। अब केवल स्थलीय चयन पर अंतिम सहमति के लिए समाज के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि 20 मार्च 1858 को स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाली वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की स्मृति में द्वार का निर्माण आगरा गेट से सहकुली तिराहे तक सड़क मार्ग पर किया जाए, ताकि नगर में प्रवेश करते ही लोगों को वीरांगना के बलिदान की स्मृति का संदेश मिल सके।

बैठक में लोकमन राजपूत, दबंग सिंह लोधी, संयोजक एवं पूर्व प्रधान खड़्ग सिंह, अध्यक्ष चंद्रभान सिंह लोधी, महामंत्री नाहर सिंह फौजी, डॉ. प्रेमपाल सिंह लोधी, संगठन मंत्री एवं मीडिया प्रभारी महावीर सिंह वर्मा एडवोकेट, परमेंद्र सिंह राजपूत, टुंडा राम लोधी, मिथुन लोधी, दरयाब सिंह लोधी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भव्य प्रवेश द्वार का आश्वासन

नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम तथा उनके पति मोहम्मद इस्लाम ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति में भव्य और आकर्षक प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाएगा और इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार भी व्यक्त किया। बैठक का समापन होली मिलन और आपसी सौहार्द के संदेश के साथ हुआ।