रिश्तेदार ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, गोल्ड लोन लेने से पहले चढ़ा पुलिस के हत्थे

आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक रिश्तेदार ने परिवार के भरोसे का फायदा उठाकर डुप्लीकेट चाबियों से अलमारी खोलकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। आरोपी मोनू गौतम को पुलिस ने 80 फीटा रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के जेवर, नकदी और आईआईएफएल फाइनेंस में गिरवी रखे गए आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपी गोल्ड लोन लेकर फरार होने की तैयारी में था।

May 17, 2026 - 19:28
 0
रिश्तेदार ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, गोल्ड लोन लेने से पहले चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस की गिरफ्त में चोरी करने वाला शातिर रिश्तेदार ।

परिवार को नहीं लगी भनक, अलमारी की डुप्लीकेट चाबी बनाकर उड़ाए गहने, महीनों बाद खुला राज

आगरा। आगरा में रिश्तेदारी और भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक करीबी रिश्तेदार ने ही परिवार के भरोसे का फायदा उठाकर महीनों तक घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी करता रहा। आरोपी इतना शातिर था कि उसने अलमारी की असली चाबी गायब होने के बाद उसकी तीन डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता रहा।

ट्रांस यमुना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोनू गौतम को 80 फीटा रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मोनू गौतम परिवार का करीबी रिश्तेदार है और घर में उसका आना-जाना था। परिवार के लोग उस पर इतना भरोसा करते थे कि घर बंद कर बाहर जाने के दौरान भी उसे जानकारी रहती थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने चोरी की पूरी साजिश रची।

बताया गया है कि कुछ समय पहले अलमारी की असली चाबी गायब हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने चुपचाप उसकी तीन डुप्लीकेट चाबियां बनवा लीं। जब भी घर खाली मिलता, वह अलमारी खोलकर थोड़े-थोड़े गहने और नकदी निकाल लेता था, ताकि किसी को तुरंत शक न हो।

परिवार को लंबे समय तक चोरी की भनक तक नहीं लगी। धीरे-धीरे जेवर कम होने पर शक गहराया तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार उसे 80 फीटा रोड से दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी के जेवर गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने की तैयारी में था। पुलिस ने आईआईएफएल फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखी गई सोने की चेन और अंगूठी भी बरामद कर ली है।

ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इससे पहले कहीं और भी इसी तरह की वारदात तो नहीं की। पुलिस की कार्रवाई से महीनों पुराना चोरी का राज खुल गया और परिवार ने राहत की सांस ली।