संघ शताब्दी वर्ष के निर्णायक पड़ाव पर प्रतिनिधि सभा: समालखा में 13–15 मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च बैठक, आगामी योजनाएं तय होंगी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च निर्णायक इकाई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक इस वर्ष संघ शताब्दी के विशेष संदर्भ में हरियाणा के समालखा में आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय यह बैठक संघ कार्य की दिशा, समीक्षा और आगामी योजनाओं को तय करने के साथ-साथ राष्ट्रीय परिदृश्य पर महत्वपूर्ण विमर्श का केंद्र बनेगी।

Feb 27, 2026 - 18:42
 0
संघ शताब्दी वर्ष के निर्णायक पड़ाव पर प्रतिनिधि सभा: समालखा में 13–15 मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च बैठक, आगामी योजनाएं तय होंगी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक इस वर्ष युगाब्द 5127, विक्रम संवत 2082, चैत्र कृष्ण दशमी (द्वि-दिवसीय), एकादशी, अर्थात 13, 14 एवं 15 मार्च 2026 को समालखा (हरियाणा) में आयोजित की जा रही है। यह बैठक ग्रामविकास एवं सेवा साधना केन्द्र, पट्टीकल्याणा, समालखा में संपन्न होगी।

यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने दी है। उन्होने बताया कि संघ की दृष्टि से अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक होती है, जिसमें संगठन की समग्र दिशा और नीति निर्धारण किया जाता है। इस वर्ष का आयोजन विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत हो रहा है। बैठक में शताब्दी निमित्त आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठियाँ और सामाजिक सद्भाव बैठकें जैसे कार्यक्रमों के अनुभवों और प्रभावों पर विशेष चर्चा होगी।

प्रतिनिधि सभा में वर्ष 2025–26 के दौरान हुए संघ कार्य की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही विभिन्न प्रांतों में संपन्न विशेष कार्यों का निवेदन रखा जाएगा। बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर विचार-विमर्श के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाने की भी संभावना है।

विशेष रूप से संघ शाखाओं के माध्यम से अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन, पंच परिवर्तन के प्रयास, सेवा, समरसता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे। इसके अतिरिक्त संघ शिक्षा वर्ग, कार्यकर्ता विकास वर्ग सहित अन्य प्रशिक्षण वर्गों की योजनाओं की समीक्षा तथा आगामी वर्ष की संघ कार्य योजना का निर्धारण किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सरसंघचालक डॊ. मोहन भागवत, दत्तात्रेय होसबोले समेत सभी सह सरकार्यवाह, अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक में देशभर से निर्वाचित प्रतिनिधियों, प्रांत एवं क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों सहित कुल 1489 कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।

इसके साथ ही संघ प्रेरित 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री और संगठन मंत्री भी बैठक में उपस्थित रहेंगे, जिससे यह सभा समन्वय, अनुभव साझा करने और भविष्य की रणनीति तय करने का एक व्यापक मंच बनेगी।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor