महिलाओं की नेतृत्व शक्ति का गूंजा संदेश, महिला दिवस पर कंपनी सेक्रेट्री ऒफ इंडिया के आगरा चैप्टर में पेशेवर सफलता और संतुलित जीवन पर मंथन
आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेहरू नगर स्थित कंपनी सेक्रेट्री ऑफ इंडिया के आगरा चैप्टर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, पेशेवर विकास और संतुलित जीवन शैली पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की महिला न केवल परिवार बल्कि कॉर्पोरेट जगत और समाज में भी नेतृत्व की मजबूत भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर विभिन्न शहरों से जुड़े सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए महिला सशक्तिकरण के संदेश को और मजबूती दी।
कॉर्पोरेट क्षेत्र में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में नोएडा से आईं सीएस प्रीति ग्रोवर ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका तेजी से बदल रही है। उन्होंने स्वतंत्र महिला निदेशक की भूमिका, कॉर्पोरेट क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं यदि संतुलित जीवन शैली अपनाती हैं तो वे अपने व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों क्षेत्रों में सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
कार्यक्रम में दिखा उत्साह, कई शहरों से जुड़े सदस्य
कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सीएस श्रुति गुप्ता ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएस निकिता और सीएस अनुप्रिया गोयल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर आगरा चैप्टर के चेयरमैन अनुज अशोक अग्रवाल ने मुख्य वक्ता सीएस प्रीति ग्रोवर का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सीएस नीतू अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें आगरा के अलावा मथुरा और इलाहाबाद से भी कई सदस्य ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़े, जिससे आयोजन और अधिक व्यापक और प्रभावी बन गया।
खेल, मनोरंजन और केक कटिंग के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान कई रोचक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें उपस्थित सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अंत में केक कटिंग के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया और सभी सदस्यों को रिटर्न गिफ्ट्स देकर सम्मानित किया गया।