रालोद और धनगर समाज 28 को रायभा में मनाएगा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती
अछनेरा (रायभा)। मालवा राज्य की महान शासक, शिव भक्त और लोककल्याणकारी शासन की प्रतीक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती 28 जून (रविवार) को रायभा स्थित बघेल बगीची में पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) एवं धनगर समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समारोह के आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 28 जून को दोपहर 12 बजे होगा। इसमें लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व, उनके आदर्श शासन, धार्मिक आस्था, जनकल्याणकारी कार्यों और सामाजिक योगदान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सांसद और पूर्व मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार सांगवान, सांसद (बागपत) तथा पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी होंगे, जबकि राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता दोहरे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
कार्यक्रम के आयोजक राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक न्याय मंच के उत्तर प्रदेश प्रभारी नरेंद्र बघेल तथा संयोजक किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सतवीर रावत हैं।
बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम रूप
जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रायभा स्थित बघेल बगीची में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने की, जबकि संचालन अशोक धनगर ने किया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, मंच व्यवस्था, जनसंपर्क और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में पूर्व प्रदेश सचिव एवं महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, युवा लोकदल के प्रदेश महासचिव मयंक खिरवार, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव डॉ. खेम सिंह राजपूत, आलोक चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह वर्मा, ब्रज क्षेत्र महासचिव पुरुषोत्तम त्यागी, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चौधरी बाबूलाल प्रधान, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह इंदौलिया सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
धनगर समाज की ओर से केशव बघेल, भगवान सिंह बघेल, हरी बघेल, संदीप खोखर, अतर सिंह बघेल, डॉ. सूरजपाल, नरेश बघेल, पप्पू बघेल दूरा, रमन बघेल, पवन बघेल तथा मास्टर हेत सिंह बघेल सहित अनेक समाजसेवी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।