रालोद के राष्ट्रीय सचिव का आह्वान- हर वार्ड में संगठन बनाओ और 50 कार्यकर्ता खड़े करें
आगरा। राष्ट्रीय लोकदल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से महानगर कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला ने की, जबकि संचालन मास्टर सुरेंद्र वर्मा ने किया। बैठक में राष्ट्रीय सचिव एवं अर्बन बॉडी संगठन के प्रदेश प्रभारी अनुपम मिश्रा ने संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत बनाने के लिए हर वार्ड में संगठन खड़ा करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड से कम से कम 50 सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा जाए, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व को और सशक्त बनाने के लिए संगठन का शहरी विस्तार समय की आवश्यकता है। मिश्रा ने यह भी घोषणा की कि वे अगले माह पुनः महानगर संगठन की समीक्षा करेंगे और निकाय चुनावों से पहले संगठन की स्थिति का मूल्यांकन करेंगे।
निकाय चुनावों में दमदारी से उतरेगा रालोद
बैठक में यह भी तय किया गया कि राष्ट्रीय लोकदल आगामी निकाय चुनाव पूरी मजबूती और रणनीति के साथ लड़ेगा। अनुपम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि आगरा महानगर में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी को नई ऊर्जा मिल रही है।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी, युवा लोकदल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र निमेष, युवा लोकदल के प्रदेश महामंत्री डॉ. खेम सिंह राजपूत, महानगर उपाध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह, केदार सिंह परमार, महामंत्री राहुल जुरैल, हिमांशु शर्मा, अजय वर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष सोनू वर्मा, नीरज चौहान, निर्मल मथुरिया, लव ठाकुर, किशोर राठौड़, चेतन वर्मा, रामनिवास बघेल, शरद सक्सेना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और संगठन विस्तार पर अपने सुझाव दिए।