बारिश के बाद आगरा में सड़कें बनीं खतरा, कमला नगर के कर्मयोगी रोड के धंसने से बना बड़ा गड्ढा, विभव नगर में भी सड़क धंसी

आगरा। विगत दिवस हुई बारिश के बाद आगरा में सड़कों की बदहाल स्थिति सामने आने लगी है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क धंसने और बड़े गड्ढे बनने की घटनाओं ने नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमला नगर में अचानक सड़क धंसने से विशाल गड्ढा बन गया, जबकि विभव नगर क्षेत्र में भी सड़क धंसने लगी है। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत, जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Jul 9, 2026 - 20:09
 0
बारिश के बाद आगरा में सड़कें बनीं खतरा, कमला नगर के कर्मयोगी रोड के धंसने से बना बड़ा गड्ढा, विभव नगर में भी सड़क धंसी
कमला नगर क्षेत्र की एक सड़क के धंसने से हुए गड्ढे को देखते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल।

कमला नगर के कर्मयोगी रोड पर अचानक धंसी सड़क, बना विशाल गड्ढा

कमला नगर के कर्मयोगी रोड पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अचानक सड़क धंस गई, जिससे बीच सड़क पर काफी चौड़ा और गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से रास्ते पर आवाजाही रोकने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौके पर पहुंचे। उनके साथ कर्मयोगी सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल भी मौजूद रहे। विधायक ने नगर आयुक्त तथा जलकल विभाग के महाप्रबंधक से तत्काल बातचीत कर गड्ढे की मरम्मत कराने और क्षेत्र को सुरक्षित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मांग की कि केवल इस स्थान की मरम्मत तक सीमित न रहकर पूरे कमला नगर विस्तार में भूमिगत सीवर और पेयजल लाइनों का व्यापक तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

मौके पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पवन बंसल, पूर्व पार्षद दीपक ढल, संजय अग्रवाल, प्रमेंद्र जैन, भानू मंगलानी, मुकुल जमदग्नि, अंकित बंसल, बहादुर वर्मा, मुकेश सभानी सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

विभव नगर में भी धंसी सड़क

बारिश के कारण विभव नगर में धंसी सड़क।

उधर विभव नगर क्षेत्र में होटल अमर से राजपुर चुंगी तक रेडियो स्टेशन के सामने सड़क धंस गई है। वहीं चौधरी गार्डन की ओर सड़क पर बड़े गड्ढे बनने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूटर, ऑटो और बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने का लगातार खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में रोजाना गुजरने वाले लोगों में भय का माहौल है।

सामाजिक कार्यकर्ता देवकी नंदन सोन ने प्रशासन से मांग की कि जहां भी सड़क खोदकर कोई कार्य किया जाए, वहां कार्य पूरा होने के तुरंत बाद कच्ची गिट्टी के ऊपर काली गिट्टी डालकर गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराई जाए, ताकि सड़क धंसने जैसी घटनाओं पर रोक लग सके।

SP_Singh AURGURU Editor