हाईवे पर अब नहीं चलेगी रोडबेज बसों की मनमानी, टीपी नगर पुल के नीचे खड़ी कई बसें सीज, रोडवेज प्रबंधन ने भी भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स, रामबाग और यमुना किनारा पर सवारियां चढ़ाने उतारने पर रोक लगाई

आगरा। शहर में अवैध स्थानों पर बसों के ठहराव और उससे लगने वाले ट्रैफिक जाम पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को टीपी नगर पुल के नीचे सड़क घेरकर खड़ी बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई बसों को सीज किया गया, जबकि अन्य वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। अभियान का नेतृत्व यातायात निरीक्षक संजीव गौतम ने किया।

Jul 5, 2026 - 19:22
 0
हाईवे पर अब नहीं चलेगी रोडबेज बसों की मनमानी, टीपी नगर पुल के नीचे खड़ी कई बसें सीज, रोडवेज प्रबंधन ने भी भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स, रामबाग और यमुना किनारा पर सवारियां चढ़ाने उतारने पर रोक लगाई
टीपी नगर फ्लाईओवर के नीचे खड़ी एक रोडवेज बस को सीज करने की कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।

यह कार्रवाई उन शिकायतों के बाद की गई है, जिनमें हाईवे और प्रमुख मार्गों पर अनधिकृत स्थानों पर रोडवेज एवं अन्य बसों के रुकने से लगातार जाम की स्थिति बनने की बात सामने आई थी। हाल ही में यह मुद्दा जिलाधिकारी के समक्ष भी उठाया गया था, जिसके बाद उन्होंने ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सड़क को बना रखा था अस्थायी बस अड्डा

टीपी नगर पुल के नीचे कई बसें लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियां चढ़ा-उतार रही थीं। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अवैध रूप से खड़ी बसों को हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वाली कई बसों को सीज कर दिया।

रोडवेज की नई गाइडलाइन लागू

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने भी बस संचालन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स, रामबाग और यमुना किनारा सहित चिन्हित नो पार्किंग जोन में बसों के रुकने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

नई व्यवस्था के अनुसार अब बस चालक बीच रास्ते सवारियां चढ़ाने या उतारने के लिए बस नहीं रोक सकेंगे। सभी रोडवेज बसों को निर्धारित बस स्टैंड पर ही यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और संबंधित वाहनों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।

जाम और दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक

प्रशासन का मानना है कि प्रमुख चौराहों और हाईवे किनारे बसों के अनधिकृत ठहराव से रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लगता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। नई व्यवस्था लागू होने से यातायात सुचारु होगा, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और यात्रियों को भी व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

अभियान रहेगा लगातार जारी

यातायात निरीक्षक संजीव गौतम ने बताया कि शहर में अवैध पार्किंग और अनधिकृत बस ठहराव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। ट्रैफिक पुलिस और रोडवेज प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे, ताकि सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्था समाप्त हो और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor