होली की आड़ में हुड़दंग: आगरा के सांधन गांव में महिलाओं को जबरन रंग लगाने पर चले लाठी-डंडे, तीन घायल, पिनाहट क्षेत्र में भी झगड़ा, आठ जख्मी

आगरा। जनपद में होली के दौरान हुड़दंग और जबरदस्ती की घटनाएं सामने आईं, जहां महिलाओं को जबरन रंग लगाने के विरोध ने हिंसक रूप ले लिया। विरोध करने पर दबंगों ने लाठी-डंडे चलाए और कई लोगों को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर जांच शुरू कर दी है।

Mar 5, 2026 - 20:05
 0
होली की आड़ में हुड़दंग: आगरा के सांधन गांव में महिलाओं को जबरन रंग लगाने पर चले लाठी-डंडे, तीन घायल, पिनाहट क्षेत्र में भी झगड़ा, आठ जख्मी

महिलाओं को जबरन गुलाल लगाने का विरोध, लाठी-डंडों से हमला

थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सांधन में होली के दिन उस समय बवाल हो गया, जब नशे में धुत कुछ युवक गांव की महिलाओं को जबरदस्ती गुलाल लगाने का प्रयास करने लगे। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि करीब आठ युवक बहू-बेटियों के साथ जबरदस्ती रंग लगाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान इंद्र कुमार ने इसका विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में इंद्र कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

चाऊमीन की दुकान पर हाथ रखने को लेकर विवाद, छुआछूत का आरोप

दूसरी घटना थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव सेरब की है। यहां रामचरन की चाऊमीन की वाल्मीकि समाज के बल्लो कुमार द्वारा दुकान पर हाथ रखने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने युवक और उसके परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ दबंगों ने छुआछूत मानते हुए युवक द्वारा दुकान पर हाथ रखने का विरोध किया और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। हमले में पीड़ित परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor