आगरा में अफवाह ने बनाया भीड़ को जल्लाद! शाहगंज में ‘बच्चा चोर’ के शक में युवकों की बेरहमी से पिटाई, सड़क पर मुंडन कराकर बनाया गया तमाशा
आगरा। शहर में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दे दी। थाना शाहगंज क्षेत्र के शिव नगर की राधे वाली गली में कुछ युवकों को बच्चा चोर होने के शक में भीड़ ने पकड़ लिया और उनके साथ सरेआम मारपीट कर डाली। इतना ही नहीं, गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के सिर जबरन मुंडवाकर उन्हें सड़क पर अपमानित भी किया। इस दौरान लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कई घंटों तक सड़क पर यह तमाशा चलता रहा, लेकिन किसी ने भीड़ के इस तांडव को रोकने की कोशिश नहीं की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पकड़े गये एक युवक का मुंडन कराते लोग।
बच्चा चोर की अफवाह से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि शाहगंज क्षेत्र के शिव नगर इलाके में अचानक यह अफवाह फैल गई कि कुछ युवक बच्चों को उठाने की फिराक में घूम रहे हैं। देखते ही देखते इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और शक के आधार पर कुछ युवकों को पकड़ लिया गया। भीड़ ने बिना किसी पुष्टि के ही युवकों को बच्चा चोर बताकर पीटना शुरू कर दिया।

भीड़ द्वारा पकड़े गये युवक।
सड़क पर घंटों चलता रहा भीड़ का तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों को घेरकर जमकर मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपियों को सड़क पर बैठाकर उनके सिर जबरन मुंडवा दिए गए। इस दौरान कुछ लोग वीडियो बनाते रहे, जबकि कई लोग तमाशबीन बने खड़े रहे।
मारपीट और मुंडन का वीडियो हुआ वायरल
पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि भीड़ युवकों को घेरकर पीट रही है और उनके सिर जबरन मुंडवाए जा रहे हैं।
वीडियो में कुछ लोग आरोपियों को बच्चा चोर बताकर उन्हें सबक सिखाने की बात भी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि किसी ने भी यह जानने की कोशिश नहीं की कि ये युवक कौन हैं और वहां क्यों आए थे।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। थाना शाहगंज पुलिस ने मौके पर फोर्स भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। जो लोग भीड़ का हिस्सा बनकर मारपीट और अपमानजनक हरकतों में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह से खतरनाक हो रहा भीड़तंत्र
यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी बनकर सामने आई है कि अफवाहों के आधार पर भीड़ किस तरह कानून को अपने हाथ में ले लेती है।
बिना किसी पुष्टि के लोगों को अपराधी मानकर सजा देना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।