ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, सीएम योगी ने सांसद-विधायकों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीडब्ल्यूडी समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास पर विशेष जोर दिया। सांसदों और विधायकों के विकास प्रस्तावों पर तत्काल निर्णय लेकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। दयालबाग-खंदौली पुल निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। फतेहपुर सीकरी और अछनेरा के लिए बाईपास निर्माण की मांग रखी गई। जैंगारा-बसैया बोवला खारी नदी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव दिया गया। बटेश्वर रेलवे स्टेशन तक सड़क, उगनपुरा मिनी स्टेडियम सड़क और मेहरा-नाहरगंज पुल की मांग उठी। बाह विधानसभा के सड़कविहीन गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने की मांग की गई। ग्वालियर रोड पर नाले के निर्माण और फतेहाबाद-खेरागढ़ क्षेत्र की सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई।

Jun 28, 2026 - 19:57
 0
ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, सीएम योगी ने सांसद-विधायकों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
सांसद व विधायक मुख्यमंत्री के सामने विकास कार्यों के प्रस्ताव रखते हुए।

दयालबाग-खंदौली पुल, फतेहपुर सीकरी व अछनेरा बाईपास, बटेश्वर रेलवे स्टेशन सड़क, मेहरा-नाहरगंज पुल समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा मंडलायुक्त सभागार में आयोजित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सांसदों और विधायकों द्वारा जनहित में दिए गए प्रस्तावों पर तत्काल निर्णय लेकर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंच सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल किया जाए। इस दौरान सांसदों और विधायकों ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास प्रस्ताव भी सौंपे।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने दयालबाग से खंदौली तक यमुना नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस पुल के बनने से शहर के ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या भी उठाई गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती गांवों में आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी और स्थायी कार्ययोजना तैयार कर जल्द अमल में लाई जाए।

विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने अपने क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण से जुड़े प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। वहीं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने भी आगरा के विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव सौंपते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने अपने संसदीय क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास योजनाओं को विस्तार से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पुल और बाईपास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए।

सांसद राजकुमार चाहर ने फतेहपुर सीकरी नगर और अछनेरा नगर के लिए बाईपास निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इन दोनों नगरों में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। बाईपास बनने से यातायात सुगम होगा और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने जैंगारा-बसैया बोवला खारी नदी पर सेतु निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल ही में नदी में डूबने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। ऐसे में क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा के लिए पुल निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

सांसद चाहर ने बाह विधानसभा क्षेत्र में नव निर्मित बटेश्वर रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि स्टेशन बनने के बावजूद बेहतर सड़क संपर्क के अभाव में स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उगनपुरा में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम तक सड़क निर्माण कराने की भी मांग रखी, ताकि खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाओं का लाभ मिल सके।

सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाह विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांव आज भी बेहतर सड़क संपर्क से वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि इन गांवों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का आर्थिक और सामाजिक विकास तेज हो सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में मेहरा-नाहरगंज पुल निर्माण तथा ग्वालियर रोड पर जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाले के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने फतेहाबाद और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का समर्थन करते हुए इन परियोजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए विकास प्रस्तावों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो सके।