4399 दिनों का इतिहास रचने वाले पीएम मोदी की दीर्घायु के लिए सद नवीन जैन ने किया शांतिधारा अभिषेक
आगरा। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिनों का ऐतिहासिक कार्यकाल पूर्ण करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना को लेकर बुधवार प्रातः कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचकर जैन परंपरा एवं विधि-विधान के अनुसार भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा पर शांतिधारा अभिषेक किया।
इस कार्यक्रम में जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन राष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी भावना के साथ उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्पों की सफलता के लिए यह धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास, समर्थन और स्नेह का प्रतीक है।
वैश्विक मंच पर भारत को मिली नई पहचान
नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक सशक्त और प्रभावशाली पहचान स्थापित की है। आज देश आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और सांस्कृतिक क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत और विकसित भारत जैसे संकल्पों ने राष्ट्र के विकास को नई गति प्रदान की है तथा भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व आज करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके मार्गदर्शन में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।