मानवता के अमर संदेशवाहक संत सांई कंवर राम बड़े पर्दे पर, आगरा में लघु फिल्म का पोस्टर और दो भक्ति भजन हुए लॉन्च

आगरा। सिंधी समाज के अमर शहीद संत सांई कंवर राम के जीवन, त्याग, मानवता और धार्मिक सद्भाव के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके जीवन पर आधारित लघु फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। रविवार शाम जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल मंदिर में आयोजित समारोह में फिल्म का पोस्टर जारी किया गया, वहीं फिल्म के लिए तैयार किए गए दो भक्ति भजनों का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत सांई कंवर राम का जीवन इंसानियत, सेवा, प्रेम और भाईचारे की ऐसी मिसाल है, जो आज भी समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।

Jul 19, 2026 - 20:41
 0
मानवता के अमर संदेशवाहक संत सांई कंवर राम बड़े पर्दे पर, आगरा में लघु फिल्म का पोस्टर और दो भक्ति भजन हुए लॉन्च
आगरा के जय झूलेलाल मंदिर में अमर शहीद संत सांई कंवर राम के जीवन पर आधारित लघु फिल्म के पोस्टर का विमोचन करतीं महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, डॉ. पीर शंकर नाथ योगी, फिल्म निर्माता रंजीत सामा, विजय सामा तथा अन्य।

राजकुमार सामा विचार मंच के तत्वावधान में आरए मूवीज द्वारा निर्मित की जा रही इस लघु फिल्म का उद्देश्य सिंधी समाज के अमर शहीद संत सांई कंवर राम के जीवन संघर्ष, सेवा, बलिदान और धार्मिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों ने फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए इसके सफल निर्माण की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में फिल्म के लिए तैयार किए गए दो भक्ति भजनों का भी लोकार्पण किया गया। ये गीत संजय दुबे और सूरज तिवारी द्वारा लिखे गए हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह तथा सोमनाथ धाम शाहगंज के गुरुजी डॉ. पीर शंकर नाथ योगी ने भगवान झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

फिल्म निर्माता रंजीत सामा और विजय सामा ने बताया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में आगरा और आसपास के क्षेत्रों में फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। उन्होंने कहा कि फिल्म में स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। विभिन्न किरदारों में अनिल जैन, जितेश आसिवाल, रंजीव कोचर, मुकेश नेचुरल, रवि परिहार, अभिवादन, जय सिंह, वानी, शकील और मनोज सिंह लंकेश सहित आगरा के कई कलाकार अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

फिल्म का लेखन और निर्देशन सूरज तिवारी कर रहे हैं। फिल्म के भजन और गीत भी सूरज तिवारी एवं संजय दुबे ने लिखे हैं, जबकि फिल्म की कहानी का मूल विचार धर्मपाल कश्यप 'बाबू भाई' का है।

समारोह में फिल्म के सह-निर्माता नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी, व्यवस्था प्रमुख जयरामदास, गिरधारी लाल भगत्यानी, प्रमोद वर्मा, शोभाराम पुरुषनानी, पार्षद रेनू गुप्ता, रूबी सहगल, नरेंद्र पुरुषनानी, हरीश बंजानी, खेमचंद बंजानी, शंभू नाथ चौबे, भगवान अवतानी, सुधीर भोजवानी, श्याम भोजवानी, प्रमोद महाजन, घनश्याम लालवानी, रोहित कत्याल, कुसुम महाजन, दीपा लालवानी, जेपी धर्मानी, सत्येंद्र तिवारी, राजेंद्र बत्रा, डॉ. महेश धाकड़, विनीत बवानिया, तीरथ दास भावनानी, राहत जहाँ खानम और राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor