विशेष बच्चों के हौसलों को सलाम: टीयर्स संस्था में डाउन सिंड्रोम डे पर जागरूकता और संवेदनशीलता का अनोखा संगम
आगरा। टीयर्स संस्थान द्वारा डाउन सिंड्रोम जागरूकता दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अभिभावकों और स्टाफ को महत्वपूर्ण जानकारी देकर विशेष बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा दिखाई।
टीयर्स संस्थान में आयोजित डाउन सिंड्रोम डे कार्यक्रम में इंडियन एकेडमी औफ पीडियाट्रिक्स से जुड़ी विशेषज्ञ टीम ने भाग लिया और अभिभावकों को इस स्थिति से जुड़े कारण, पहचान और उचित देखभाल के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. स्वाति द्विवेदी (कोषाध्यक्ष), डॉ. अभिषेक गुप्ता (संयुक्त सचिव), डॉ. ऋषि बंसल (एग्जीक्यूटिव मेंबर) और डॉ. प्रीति जैन (मेंबर) ने डाउन सिंड्रोम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की। उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चों को किस प्रकार प्रशिक्षित किया जाए, उन्हें समाज में कैसे समाहित किया जाए और उनके व्यवहार को समझते हुए उनके अनुसार शिक्षण पद्धति अपनाना कितना आवश्यक है।
विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि डाउन सिंड्रोम बच्चों में एक अतिरिक्त क्रोमोसोम के कारण होता है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रभाव पड़ता है। इस दौरान बच्चों के बीच आपसी सहयोग, सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया।
संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे बच्चों में छोटी गर्दन, चपटी नाक, छोटी हथेली, कम कद, अस्पष्ट वाणी, मोटी जीभ, चौड़ा चेहरा, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और दृष्टि संबंधी समस्याएं जैसे लक्षण देखे जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की इस स्थिति को छिपाने के बजाय उन्हें विशेष शिक्षा और विशेषज्ञ परामर्श दिलाना चाहिए, ताकि उनका समुचित विकास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता और डांस प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। इस अवसर पर संस्थान का स्टाफ, अभिभावक और अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।