नारी शक्ति को सलाम: ताजनगरी में सम्मान और जागरूकता के साथ दूसरे दिन भी मना महिला दिवस
आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ताजनगरी में नारी शक्ति के सम्मान और जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ओर जहां आगरा क्लब में समाज में अपनी मेहनत से पहचान बना रही महिला रसोइयों को पाक कला सम्मान देकर सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में महिला सशक्तीकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं की भूमिका और शक्ति पर प्रकाश डाला गया।
आगरा क्लब में आठ महिलाओं को मिला पाक कला सम्मान
आशियाना महिला समिति और रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आगरा क्लब में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपने घर से खाना बनाकर स्वरोजगार कर रही शहर की महिलाओं को पाक कला अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
आशियाना महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज प्रशांत ने कहा कि महिला दिवस केवल जश्न का दिन नहीं बल्कि यह स्वीकार करने का अवसर है कि नारी शक्ति हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देना है।
रोशनी चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष मनोज बल ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। यदि व्यक्ति पूरी लगन और मेहनत से काम करे तो छोटे कार्य से भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।
इस अवसर पर चयन समिति द्वारा चुनी गई आठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। संगीता कटियाल, शशि बुद्धिराजा, रश्मि वाष्णेय, गीतिका सहगल, पूजा सेठ, वंदना शर्मा और साक्षी भार्गव को पाक कला अवार्ड से सम्मानित किया गया, जबकि डॉ. जानवी को पेंटिंग के लिए एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एक पहल पाठशाला के बच्चों ने कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक हटाओ, धरती बचाओ का संदेश दिया। शारदा गुप्ता ने काव्य पाठ के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रमिला चावला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मंजू मित्तल, अर्णिमा भार्गव, सरोज गारव, रेखा अग्रवाल, आरती मेहरोत्रा, इंदु, प्रतिमा, शिल्पा, मीरा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
ब्रह्माकुमारी केंद्र पर महिला शक्ति का महत्व बताया

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेक्टर-7 में महिला दिवस पर हुए कार्यक्रम में मौजूद पूर्व पार्षद सुषमा जैन और ब्रह्माकुमारी बहनें।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेक्टर-7 में भी महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तीकरण पर प्रकाश डाला।
बीके सरिता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हमेशा देवियों का नाम पहले लिया जाता है। देश की नदियों के नाम भी गंगा, जमुना और सरस्वती जैसे स्त्री स्वरूपों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही समाज में परिवर्तन का आधार है।
पूर्व पार्षद सुषमा जैन ने कहा कि महिला जहां अन्नपूर्णा बनकर परिवार का पालन-पोषण करती है, वहीं जरूरत पड़ने पर वह दुर्गा का रूप भी धारण कर सकती है।
कार्यक्रम में बीके मधु ने महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया, जबकि बीके शालू ने तनाव कम करने के व्यावहारिक उपाय बताए। इस अवसर पर निधि अग्रवाल, तारा बवानियां, सुमन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।