त्याग, संस्कार और संघर्ष को सलाम: बेस्ट फादर अवार्ड-2026 में आठ प्रेरणादायी पिताओं का सम्मान, स्व. जगन प्रसाद गर्ग समेत तीन महान हस्तियां मरणोपरांत सम्मानित

आगरा। वर्ल्ड फादर्स डे के अवसर पर सामाजिक संस्था 'एक पहल' एवं 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' द्वारा आयोजित बेस्ट फादर अवार्ड-2026 (सीजन-5) समारोह में उन प्रेरणादायी पिताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने त्याग, संघर्ष, संस्कार और मार्गदर्शन से अपने बच्चों को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। होटल लेमन ट्री में आयोजित गरिमामयी समारोह में खेल, समाजसेवा, प्रशासन, शिक्षा और व्यापार जगत से जुड़े आठ विशिष्ट पिताओं का अभिनंदन किया गया। समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता तथा पूर्व विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग, स्वर्गीय अशोक अग्रवाल एवं स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत सम्मान देकर उनके योगदान को नमन किया गया।

Jun 21, 2026 - 20:54
 0
त्याग, संस्कार और संघर्ष को सलाम: बेस्ट फादर अवार्ड-2026 में आठ प्रेरणादायी पिताओं का सम्मान, स्व. जगन प्रसाद गर्ग समेत तीन महान हस्तियां मरणोपरांत सम्मानित
बेस्ट फादर अवार्ड-2026 (सीजन-5) में सम्मानित किये प्रेरणादायी पिताओं के साथ अतिथिगण।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रत्येक पिता अपने बच्चों को सफल और ऊंचाइयों पर स्थापित देखना चाहता है। बच्चों का भी दायित्व है कि वे अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें और उनके संघर्ष, त्याग तथा संस्कारों का सम्मान करें।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि पिता के सम्मान का कोई एक दिन नहीं हो सकता। पिता प्रतिदिन वंदनीय हैं। उनका स्नेह, अनुशासन और संरक्षण परिवार की सबसे बड़ी शक्ति है, जो बच्चों को जीवन की हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा देता है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग ने कहा कि किसी भी बच्चे के व्यक्तित्व निर्माण में पिता की भूमिका अमूल्य होती है। पिता वह मजबूत छत हैं, जिनके संरक्षण में बच्चे अपने सपनों को साकार करते हुए जीवन रूपी पौधे को विशाल वृक्ष का स्वरूप देते हैं।

प्रमुख समाजसेवी नजीर अहमद ने कहा कि शहर के श्रेष्ठ पिताओं को सम्मानित करने की यह परंपरा अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को परिवार, संस्कार और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं तथा समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार उप्पल एवं मनीष राय ने बताया कि इस वर्ष पूर्व विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल सहित कई प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग का राजनीति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

संस्था के मार्गदर्शक आदर्श नंदन गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक राजकुमार उप्पल एवं अंकित खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं सम्मानित पिताओं का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी दीपक जैन ने किया।

समारोह में इनकी रही मौजूदगी

समारोह में संस्था के संरक्षक डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, संरक्षक एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल, डॉ. अरुण शर्मा, अनूप यादव, डॉ. संजीव नेहरू, एडवोकेट रमाशंकर राजपूत, डॉ. राहुल राज, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल जैन, एडवोकेट रिंकू पठान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इन प्रेरणादायी पिताओं को मिला बेस्ट फादर अवार्ड-2026

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता श्रीभगवान शर्मा।

चार बार के विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग को मरणोपरांत सम्मान।

उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता राम प्रकाश गर्ग।

आईएएस अधिकारी एवं चिकित्सक बेटे को प्रेरित करने वाले राकेश कुमार सिंह।

रोल बॉल विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता बेटी के पिता दिग्विजय पचौरी।

बाल कलाकार एवं मॉडल को नई पहचान दिलाने वाले रोहन आहूजा।

स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत सम्मान।

स्वर्गीय अशोक अग्रवाल को मरणोपरांत सम्मान।

SP_Singh AURGURU Editor