431 करोड़ रुपये माफी की तैयारी पर सपा का हमला: जनता से वसूली और निजी कंपनी पर मेहरबानी क्यों? टोरेंट पावर को राहत प्रस्ताव पर सपा शहर अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

आगरा। टोरेंट पावर के कथित 431 करोड़ रुपये माफ किए जाने के प्रस्ताव को लेकर समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे जनविरोधी और निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने वाला फैसला बताते हुए सवाल उठाया है कि जब आम जनता, छोटे दुकानदारों और गरीब नागरिकों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिलती, तब एक निजी कंपनी को अरबों रुपये की राहत देने की तैयारी क्यों की जा रही है।

May 22, 2026 - 22:18
 0
431 करोड़ रुपये माफी की तैयारी पर सपा का हमला: जनता से वसूली और निजी कंपनी पर मेहरबानी क्यों? टोरेंट पावर को राहत प्रस्ताव पर सपा शहर अध्यक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

समाजवादी पार्टी महानगर अध्य़क्ष की ओर से जारी विरोध पत्र में कहा गया कि एक तरफ नगर निगम आर्थिक संकट और घाटे से जूझ रहा है तथा कर्मचारियों के वेतन भुगतान तक में कठिनाई सामने आ रही है, वहीं दूसरी तरफ टोरेंट पावर के लगभग 431 करोड़ रुपये माफ करने की तैयारी चिंताजनक है। पार्टी ने इसे जनता के हितों के खिलाफ करार दिया।

स्मार्ट सिटी खर्चों पर भी उठाए सवाल

सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के नाम पर आगरा को हजारों करोड़ रुपये मिले, लेकिन उसका पारदर्शी और प्रभावी उपयोग आज तक जनता को दिखाई नहीं दिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि शहर की सड़कें बदहाल हैं, जलभराव की समस्या बनी हुई है, सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और नगर निगम कर्मचारी परेशान हैं, जबकि सरकार निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने में लगी है।

सपा ने रखीं चार प्रमुख मांगें

सपा अध्यक्ष ने प्रशासन और सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। पार्टी ने मांग की है कि टोरेंट पावर के 431 करोड़ रुपये माफ करने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, पूरे मामले की सार्वजनिक जानकारी जनता के सामने रखी जाए, नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी किया जाए और स्मार्ट सिटी व नगर निगम के खर्चों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

आंदोलन की दी चेतावनी

सपा महानगर ने चेतावनी दी कि यदि जनता के पैसे से निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास बंद नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी महानगर आगरा सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर आंदोलन करेगी। पार्टी ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

SP_Singh AURGURU Editor