रेत माफिया का आतंक: बरेली में आरटीओ टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी में मारी टक्कर का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में खनन और ओवरलोडिंग माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका खौफनाक उदाहरण आंवला थाना क्षेत्र में देखने को मिला। अवैध रेत परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने उतरी परिवहन विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीम पर माफिया ने हमला बोल दिया। चेकिंग से बचने के लिए आरोपी चालक ने सरकारी वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि आंवला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

May 24, 2026 - 12:25
 0
रेत माफिया का आतंक: बरेली में आरटीओ टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी गाड़ी में मारी टक्कर का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
आरटीओ टीम की गाड़ी में टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बरेली के निर्देशन में जनपद बरेली और बदायूं की सीमावर्ती क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। संयुक्त प्रवर्तन दल में एआरटीओ बदायूं हरिओम, पीटीओ बदायूं अभिनव चौधरी, पीटीओ-द्वितीय बरेली विनय मिश्रा तथा पीटीओ बरेली रमेश चन्द्र प्रजापति शामिल थे।

सुबह करीब आठ बजे रामनगर-आंवला मार्ग पर टीम को बिना नंबर प्लेट का टाटा निर्मित सफेद रंग का हॉलेज ट्रैक्टर और नीले रंग के सेमिट्रेलर युक्त आर्टिक्युलेटेड वाहन दिखाई दिया, जिसमें क्षमता से अधिक रेत लदी हुई थी। वाहन स्पष्ट रूप से ओवरलोड अवस्था में संचालित हो रहा था। प्रवर्तन दल ने वाहन को रोककर पंजीकरण, परमिट, फिटनेस, कर भुगतान, चालक अनुज्ञापत्र और अधिभार संबंधी दस्तावेजों की जांच के लिए संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया।

इसके बाद पीटीओ-द्वितीय बरेली विनय मिश्रा ने सरकारी प्रवर्तन वाहन से पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने जानबूझकर आपराधिक मनोभाव दिखाते हुए सरकारी वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान प्रवर्तन दल के अधिकारियों की जान जोखिम में पड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही आंवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रवर्तन टीम की मदद से आरोपी चालक रियाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 336, 353 और 427 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर शनिवार को जेल भेज दिया गया।

सूत्रों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रेत खनन और ओवरलोड वाहनों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। कार्रवाई करने वाली टीमों पर हमले यह साबित करते हैं कि माफिया अब कानून और प्रशासन को खुली चुनौती देने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ऐसे गिरोहों पर सख्ती नहीं हुई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

SP_Singh AURGURU Editor