आगरा में कल मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में संघ-भाजपा का बड़ा मंथन, ब्रज प्रांत बैठक में 2027 चुनावी रणनीति का तैयार होगा रोडमैप
आगरा में 7 मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज प्रांत समन्वय बैठक आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी शामिल हो सकते हैं। इसमें संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और भाजपा की जिला-क्षेत्रीय कार्यकारिणी के गठन पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
ब्रज प्रांत समन्वय बैठक में संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर चर्चा के साथ संगठनात्मक फेरबदल और भाजपा की जिला-क्षेत्रीय कार्यकारिणी पर भी लग सकती है मुहर
आगरा। ताजनगरी आगरा में 7 मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज प्रांत स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक माल रोड स्थित होटल अमर में होगी, जिसमें संघ और भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें आने वाले समय की संगठनात्मक रणनीति और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रारंभिक मंथन हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है, पर सूत्र उनके आने की पुष्टि कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बैठक के बाद मथुरा भी जा सकते हैं। इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी बैठक में मौजूद रह सकते हैं।
2027 विधानसभा चुनाव पर रणनीतिक चर्चा
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस बैठक का एक प्रमुख एजेंडा वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करना है। संघ और भाजपा नेतृत्व प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर चर्चा कर सकता है।
संघ के शताब्दी वर्ष को भी ध्यान में रखते हुए व्यापक सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार होगा। माना जा रहा है कि संघ और भाजपा मिलकर ऐसे कार्यक्रमों की योजना बनाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच मजबूत की जा सके।
संगठनात्मक नियुक्तियों पर भी लग सकती है मुहर
बैठक में भाजपा की जिला और क्षेत्रीय कार्यकारिणी के गठन पर भी चर्चा होने की संभावना है। जिलों में लंबे समय से संगठनात्मक फेरबदल की चर्चा चल रही है, ऐसे में समन्वय बैठक के बाद कई नामों को अंतिम रूप दिया जा सकता है। राजनीतिक दृष्टि से यह भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भाजपा नेतृत्व की सीधी बैठक से संगठनात्मक दिशा और रणनीति को स्पष्ट संदेश मिलेगा।
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी होंगे शामिल
ब्रज प्रांत की इस समन्वय बैठक में संघ के क्षेत्रीय प्रचारक, प्रांत प्रचारक, प्रांत संघ चालक, प्रांत कार्यवाह सहित विभिन्न कार्य विभागों के प्रांतीय प्रमुख भी भाग लेंगे। बैठक में संघ के सामाजिक, सेवा और वैचारिक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
प्रदेश में चल रहीं हैं प्रांत स्तरीय बैठकें
इन दिनों उत्तर प्रदेश में संघ और भाजपा के बीच प्रांत स्तरीय समन्वय बैठकों का दौर चल रहा है। इसी क्रम में आज कानपुर में कानपुर और बुंदेलखंड प्रांत की समन्वय बैठक आयोजित की जा रही है। इसी श्रृंखला में आगरा में होने वाली ब्रज प्रांत की बैठक को भी अहम कड़ी माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन बैठकों के माध्यम से संगठन आने वाले चुनावी वर्षों के लिए अपनी रणनीति को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय करने की दिशा में काम कर रहा है।