गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग के साथ निकाली गई संकीर्तन रैली, गौ-भक्तों ने सौंपा ज्ञापन

आगरा। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सैकड़ों गौ-भक्तों ने शिक्षा भवन, पचकुइयां से संकीर्तन करते हुए सदर तहसील तक रैली निकाली और ‘गौ माता को राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा।

Apr 27, 2026 - 18:51
Apr 27, 2026 - 22:26
 0
गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग के साथ निकाली गई संकीर्तन रैली, गौ-भक्तों ने सौंपा ज्ञापन
सदर तहसील में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते गौ भक्त।

प्रचंड गर्मी के बावजूद आगरा के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लोग ट्रैक्टर, बसों और निजी वाहनों से सुबह से ही जुटने लगे थे। ‘सीताराम-राधे श्याम’ के गगनभेदी संकीर्तन के साथ जब यह काफिला सड़कों पर उतरा, तो हर नजर उसी पर टिक गई। पूरे मार्ग में ‘गौ माता-राष्ट्र माता’ के नारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

रैली का सबसे भावुक और अद्भुत दृश्य वह था, जब पिछले तीन महीनों में जुटाए गए लाखों हस्ताक्षरों को पीले वस्त्रों में बांधकर गौ-भक्तों ने सिर पर धारण किया। यह दृश्य किसी धार्मिक शोभायात्रा से कम नहीं था, जहां हर कदम पर आस्था और सम्मान का संदेश झलक रहा था। मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी ने इस आंदोलन को और भी सशक्त स्वर दिया।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहीं हिमानी चतुर्वेदी ने इसे एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया है। उनके आह्वान पर सैकड़ों महिलाएं, युवा और समाज के विभिन्न वर्ग सड़कों पर उतर आए।

जब यह काफिला संकीर्तन करते हुए एसडीएम सदर सचिन राजपूत के कार्यालय पहुंचा, तो वहां का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। भक्तों की करतल ध्वनि और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर गूंज उठा। एसडीएम ने पूरे सम्मान के साथ हस्ताक्षरित ज्ञापन की पोटली स्वीकार की और विधि-विधान के साथ उन्हें ग्रहण किया। इस दौरान वे भी भाव-विभोर नजर आए।

यात्रा में रथ पर सवार दो नन्हे गौ-वंश (बछड़े) आकर्षण का केंद्र बने रहे। जहां-जहां से यह रथ गुजरा, लोग सिर झुकाकर उन्हें नमन करते और स्नेह जताते नजर आए। यह दृश्य सनातन परंपरा में गौ-सेवा के जीवंत संस्कार को दर्शाता रहा।

इस आयोजन में साध्वी श्यामा गोपाल सरस्वती, बाबा परमानंद जी और गरिमा किशोरी की आध्यात्मिक उपस्थिति ने ऊर्जा का संचार किया। साथ ही धर्मवीर तोमर, रविकांत सूर्यवंशी, आकाश, शुभम, अमरनाथ, अधिवक्ता आशुतोष, तेजेन्द्र तोमर, प्रियंका, सविता जैन, अदिति कल्याण, गुंजन पंडिता, गोपाल चौधरी, आनंद पंडित और अभिषेक सहित सैकड़ों लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने को फतेहाबाद तहसील पर गूंजा संकल्प

फतेहाबाद। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गौ भक्तों और क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आस्था और संकल्प का परिचय दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गाय को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाना और उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना है।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों गौ सेवक और सनातनी बंधु एकजुट होकर फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पहुंचे, जहां विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष आर्य ने उपजिलाधिकारी को राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से गौ संरक्षण और सम्मान को लेकर सशक्त मांग रखी गई।

ज्ञापन सौंपने के बाद शांतिपूर्ण विरोध और दृढ़ संकल्प का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब सैकड़ों लोगों ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।

हनुमान जी को साक्षी मानकर उपस्थित जनसमूह ने संकल्प लिया कि जब तक गौ माता को उनका उचित सम्मान नहीं मिलेगा, यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor