इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र से नाबालिग लड़की को ले उड़ा था इटावा का सौरव, पुलिस ने औरैया से दबोचा
आगरा। थाना खेरागढ़ पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव पुत्र गुपाल, निवासी ग्राम गोया, तितावली, थाना सहसों, जिला इटावा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने खेरागढ़ क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और 27 जून को आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
घटना के बाद युवती के पिता ने थाना खेरागढ़ में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश की और उसे औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी और वह लगातार उसके संपर्क में था। मौका मिलने पर वह युवती को अपने साथ ले गया।
पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।