आगरा में 300 बच्चों को बांटे गए स्कूल बैग, नए वाटर कूलर और द्वितीय तल का लोकार्पण भी
आगरा। श्री अम्बे लक्ष्मी बाल विद्यालय में शनिवार को संवेदना संस्था द्वारा लगभग 300 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में नए वाटर कूलर एवं नव निर्मित द्वितीय तल का लोकार्पण भी किया गया।
पालिका नगर, नवलगंज, नुनिहाई स्थित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष नवीन गौतम एवं समाजसेवी श्याम सुंदर अग्रवाल मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। समाज के सक्षम और जागरूक लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर वातावरण और संस्कार देना सबसे बड़ा सेवा कार्य है।
विद्यालय के अध्यक्ष नीतेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से लगातार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं विद्यालय में लगाए गए नए वाटर कूलर और द्वितीय तल के लोकार्पण से विद्यालय की सुविधाओं में महत्वपूर्ण विस्तार हुआ।
इस अवसर पर महामंत्री मयंक अग्रवाल, कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’, विकास वर्मा, मयंक जैन, अमित पाराशर, रिंकेश अग्रवाल, अंकुश गोयल, विकास वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।