जन्माष्टमी पर विद्यालयों में सजी कृष्णभक्ति की छटा, संस्कृति और संस्कारों से गूंजे आगरा के शिशु मंदिर

आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आगरा के सरस्वती शिशु मंदिरों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनोहारी झलक देखने को मिली। उत्तर विजय नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता ने उत्साह बढ़ाया, वहीं तहसील मार्ग स्थित श्री बाबू लाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर में श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी आकर्षक झांकियों और मेले ने बच्चों व अभिभावकों का मन मोह लिया। दोनों आयोजनों में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाट्य, वेशभूषा और झांकियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत किया।

Sep 3, 2026 - 18:53
 0
जन्माष्टमी पर विद्यालयों में सजी कृष्णभक्ति की छटा, संस्कृति और संस्कारों से गूंजे आगरा के शिशु मंदिर
सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजय नगर में आयोजित दही-हांडी प्रतियोगिता के प्रतिभागी अतिथियों के साथ।

सरस्वती शिशु मंदिर उत्तर विजय नगर में दही-हांडी का रोमांच

सरस्वती शिक्षा परिषद की ओर से सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजय नगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं दही-हांडी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यालय के भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण, राधा और गोप-गोपियों का स्वरूप धारण कर नृत्य, गीत, नाट्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने मानव पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ने का शानदार प्रदर्शन किया।  सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता और दही-हांडी प्रतियोगिता, दोनों में सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजय नगर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में श्रीमती श्रुति सिन्हा, डीआई शिक्षाविद एवं साहित्यकार, श्रीमती वीरा सक्सेना, कथक नृत्यांगना, श्रीमती वत्सला प्रभाकर, महिला शांति सेवा अध्यक्ष और सूरज तिवारी शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री राकेश गर्ग रहे। इसके अलावा सरस्वती शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, मंत्री महेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि आशु मित्तल, रुपाली अग्रवाल, मनीष अग्रवाल (अध्यक्ष), दीपक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, किशोरी श्याम गोयल (प्रबंधक), भविष्य अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), सचिन मंगल, अतुल गुप्ता, प्रवीण गर्ग, गौरव वाष्र्णेय, बबीता पाठक और रवीन्द्र तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बीएल गोयल सरस्वती शिशु मंदिर पर सजी कृष्णलीला की झांकियां

श्री बाबू लाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की एक झलक।

श्री बाबू लाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर, तहसील मार्ग, आगरा में 3 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि भावना वरदान शर्मा ने मां सरस्वती और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

मेले में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित कृष्ण जन्म, कालिया मर्दन, रासलीला, नंदमहोत्सव, द्रौपदी चीर हरण, गोवर्धन पर्वत और गीता उपदेश सहित विभिन्न झांकियां सजाई गईं। विद्यार्थियों और अध्यापक-अध्यापिकाओं ने इन झांकियों को आकर्षक ढंग से तैयार किया। श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों की वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय परिसर को फूलों, रोशनी और गुब्बारों से सजाया गया। छात्राओं ने ‘नंद घर आनंद भयो’ भजन पर नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि भावना वरदान शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति और धर्म के प्रति आस्था बढ़ाते हैं।

झांकियों की प्रतियोगिता में द्रौपदी चीर हरण को प्रथम, माखन चोर को द्वितीय और कालिया मर्दन को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा परिषद आगरा के अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, विद्यालय के अध्यक्ष संजय गोयल, भावना वरदान शर्मा, प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, व्यवस्थापक किशन प्रसाद बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग और जिला समन्वयक राजहंश उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य राजकुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

SP_Singh AURGURU Editor