धधकती भट्टी के सामने मासूम की चीखें: आगरा के बाह में हलवाई की दुकान पर स्कूटी के एक्सीलेटर ने बरपाया कहर, खौलते तेल से झुलसा साढ़े तीन साल का मयंक
आगरा। कस्बा बाह में एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। हलवाई की दुकान पर नाश्ता लेने पहुंचे एक व्यक्ति की स्टार्ट स्कूटी पर बैठा साढ़े तीन वर्षीय मासूम अचानक एक्सीलेटर खींच बैठा। देखते ही देखते स्कूटी अनियंत्रित होकर सीधे जलती भट्टी से जा टकराई। हादसे में कढ़ाई में खौलता गर्म तेल मासूम पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। बच्चे की चीखें सुन मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कस्बा बाह निवासी साढ़े तीन वर्षीय मयंक अपने परिजन के साथ बाजार गया था। परिजन हलवाई की दुकान पर नाश्ता लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान मयंक स्टार्ट स्कूटी पर बैठा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेल-खेल में बच्चे ने स्कूटी का एक्सीलेटर घुमा दिया, जिससे स्कूटी अचानक तेज रफ्तार में आगे बढ़ी और दुकान पर जल रही भट्टी से जा भिड़ी।
भट्टी पर रखी कढ़ाई का खौलता तेल सीधे मासूम के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चे को संभाला और परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मासूम मयंक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।