पुरुषोत्तम मास में उमड़ा श्रद्धा का सागर, मंदिरों में गूंजे भक्ति और उत्सव के स्वर, कल कलश यात्रा

आगरा। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर शनिवार को आगरा के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं श्याम बाबा का भव्य फूल बंगला श्रृंगार भक्तों को आकर्षित करता रहा तो कहीं नरसिंह मनोरथ में भगवान की महिमा का गुणगान हुआ। दूसरी ओर भागवत कथा की तैयारियों के बीच महिलाओं ने कलश सज्जा की, वहीं श्री प्रेमानिधि मंदिर में बसंतोत्सव के साथ फाग महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूरे शहर का धार्मिक वातावरण भक्ति रस से सराबोर दिखाई दिया।

May 30, 2026 - 21:53
 0
पुरुषोत्तम मास में उमड़ा श्रद्धा का सागर, मंदिरों में गूंजे भक्ति और उत्सव के स्वर, कल कलश यात्रा
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में पूर्णिमा विशेष फूल बंगला श्रृंगार के दर्शन देते श्याम बाबा।

पूर्णिमा पर खिले श्रद्धा के रंग, श्री खाटू श्याम मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला

पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्याम बाबा का भव्य फूल बंगला श्रृंगार श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। विदेशी एवं सुगंधित पुष्पों से सजे दिव्य बंगले में विराजमान बाबा का स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। स्वर्ण मुकुट, कुंडल और तुलसी दल की माला से अलंकृत बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि अधिकमास के दौरान प्रतिदिन फूल बंगला श्रृंगार कराया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्रीन मैट, विशेष फर्श तथा शीतल जल बौछार की व्यवस्था की गई है। वहीं निशुल्क शीतल जल सेवा भी लगातार संचालित की जा रही है।

श्रीमथुराधीश महाराज मंदिर में श्रद्धा से संपन्न हुआ नरसिंह मनोरथ

श्रीमथुराधीश महाराज मंदिर में आयोजित नरसिंह मनोरथ के दौरान भगवान की झांकी के दर्शन करते श्रद्धालु।

यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत भगवान नरसिंह को समर्पित नरसिंह मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया। फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित मंदिर में भगवान नरसिंह की दिव्य झांकी प्रस्तुत की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और महाआरती के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में महन्त नन्दन श्रोत्रिय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

कलश यात्रा के साथ कल शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा, महिलाओं ने सजाए कलश

बल्केश्वर महादेव मंदिर में कलश यात्रा की तैयारी के दौरान कलश सजाती महिलाएं।

बल्केश्वर महादेव मंदिर में रविवार से आरंभ होने वाली श्रीमद्भागवत कथा की तैयारियां शनिवार को पूरी हो गईं। सैकड़ों महिलाओं ने भक्तिभाव के साथ कलश सजाकर आगामी कलश यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। महिलाओं ने कलावा, चुनरी और श्रीफल से कलशों को सजाते हुए भजन-कीर्तन किया। मीडिया प्रभारी ऋषि अग्रवाल ने बताया कि रविवार सुबह 7:30 बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर बल्केश्वर पार्क पहुंचेगी। वहीं शाम चार बजे से विख्यात कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे, जो 6 जून तक चलेगी।

बसंती रंग में रंगा श्री प्रेमानिधि मंदिर, फाग उत्सव का हुआ शुभारंभ

श्री प्रेमानिधि मंदिर में बसंतोत्सव मनोरथ के दौरान बसंती स्वरूप में दर्शन देते ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज।

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमानिधि मंदिर में चल रहे पुरुषोत्तम मास मनोरथ उत्सव के अंतर्गत अधिकमास के 14वें दिन बसंतोत्सव धूमधाम से मनाया गया। ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज को बसंती वस्त्र और स्वर्णाभूषण धारण कराए गए। मंदिर परिसर को पीले पुष्पों एवं आम के पल्लवों से सजाया गया। ढफ, झांझ और मंजीरों की मधुर ध्वनि पर बसंत और धमार पदों का गायन हुआ तथा अबीर-गुलाल अर्पित कर फाग महोत्सव का शुभारंभ किया गया। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि बसंतोत्सव प्रेम, उल्लास और भक्ति का प्रतीक है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बसंती स्वरूप के दर्शन कर उत्सव का आनंद लिया।

SP_Singh AURGURU Editor