फूड एक्सपो के दूसरे दिन पांच हजार से अधिक लोगों ने देखा स्वाद, तकनीक और उद्योग का संगम

आगरा। उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव-2026 के दूसरे दिन होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर उद्योग, नवाचार और स्वाद का विशाल केंद्र बन गया। प्रदेश सहित सात राज्यों से आए 150 से अधिक स्टॉलों पर दिनभर पांच हजार से अधिक विजिटर्स की भीड़ उमड़ी। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, डेयरी, एमएसएमई, खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग तकनीक और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और उद्यमियों के बीच गहन मंथन हुआ।

Jun 15, 2026 - 18:28
 0
फूड एक्सपो के दूसरे दिन पांच हजार से अधिक लोगों ने देखा स्वाद, तकनीक और उद्योग का संगम
होटल जेपी पैलेस में उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॊन्क्लेव 2026 के अंतर्गत सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बोलते प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति। मंचस्थ हैं अतिथिगण।

उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि 'एक जिला-एक व्यंजन' जैसी योजनाएं प्रदेश की पारंपरिक खाद्य विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने उद्यमियों से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अधिक निवेश करने का आह्वान किया।

उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीति, नेतृत्व और नियत पूरी तरह उद्योगों के विकास के पक्ष में है। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में आधुनिक तकनीक, ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन को अपनाने पर जोर दिया।

150 से अधिक स्टॉलों पर जुटी हजारों लोगों की भीड़

एक्सपो के दूसरे दिन होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में सुबह से देर शाम तक पांच हजार से अधिक लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों से आए 150 से अधिक प्रदर्शकों ने खाद्य उत्पादों, फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, अत्याधुनिक पैकेजिंग तकनीक और नवाचारों का प्रदर्शन किया।

सत्तू पेय पदार्थ, पारंपरिक कुल्फी, हाथरस की प्रसिद्ध हींग, नमकीन, मसाले, खाद्य तेल, घी, आटा, ड्राई फ्रूट्स, बेकरी उत्पाद तथा आधुनिक पैकेजिंग तकनीक से जुड़े स्टॉल पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बने रहे।

डेयरी उद्योग में निवेश की अपार संभावनाएं

डेयरी उद्योग पर आयोजित पहले तकनीकी सत्र में परम डेयरी, बुलंदशहर के महाप्रबंधक विकास पाण्डेय ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन का सबसे मजबूत क्षेत्र है। ज्ञान घी, लखनऊ के प्रबंधक अनमोल अग्रवाल ने डेयरी क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं अनुदानों की जानकारी देते हुए उद्यमियों से इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।

गुणवत्ता और आधुनिक पैकेजिंग ही सफलता की कुंजी

राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य लोकेश सेंगर ने कहा कि वैश्विक बाजार में वही उत्पाद सफल होता है जिसकी गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित पैकेजिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है तथा खाद्य उद्योग को इसी दिशा में आगे बढ़ना होगा।

डेयरी उद्योग के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान

सीए आर.के. जैन ने उत्तर प्रदेश डेयरी विकास नीति-2022 की जानकारी देते हुए बताया कि मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट, चीज एवं आइसक्रीम इकाइयों, सोलर प्लांट, बल्क मिल्क कूलर, इंसुलेटेड ट्रांसपोर्ट वाहन तथा पशु आहार इकाइयों पर 35 से 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

पीएमएफएमई योजना का उठाएं अधिकतम लाभ

उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) 30 सितम्बर 2026 तक प्रभावी है। उन्होंने उद्यमियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। इस दौरान उद्यमियों ने खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर विशेष सब्सिडी देने की मांग भी रखी।

एमएसएमई से रोजगार और निर्यात को मिल रही नई गति

लघु उद्योग भारती एवं उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा आयोजित तृतीय सत्र में जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि एमएसएमई प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। रोहित आनंद (आईएएस) ने कहा कि प्रदेश में करोड़ों लोगों को एमएसएमई क्षेत्र रोजगार उपलब्ध करा रहा है और उत्तर प्रदेश निर्यात के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। नटवर गोयल ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।

एफएसएसएआई ने दिया सुरक्षित खाद्य उत्पादन का संदेश

द्वितीय दिवस के अंतिम सत्र में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के उत्तरी क्षेत्र कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा खाद्य सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। निमांशी (प्रबंधक) एवं प्रीति (सहायक निदेशक, तकनीकी) ने खाद्य लाइसेंस, पंजीकरण, स्वच्छता, लेबलिंग, पैकेजिंग तथा 'ईट राइट इंडिया' अभियान की विस्तार से जानकारी दी।

बड़ी संख्या में उद्योगपति और उद्यमी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संरक्षक अजय अग्रवाल एवं विष्णु कुमार गोयल, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय, शैलेश अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक अग्रवाल, राजीव बंसल, प्रभात बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों का स्वागत चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत एवं महासचिव अनुज सिंघल ने किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने रखी। सभी सत्रों का संचालन सीएस अनुज अशोक एवं रीनेश मित्तल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor