वरिष्ठ चित्रकार डॉ. सरोज भार्गव और डॉ. साधना सिंह संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक घोषित
आगरा। भारतीय कला, संस्कृति और संस्कारों के संवर्धन के लिए समर्पित संगठन संस्कार भारती के ब्रज प्रांत में मंगलवार को कला जगत से जुड़ी एक बड़ी घोषणा हुई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल द्वारा सम्मानित वरिष्ठ चित्रकार डॉ. सरोज भार्गव तथा डॉ. साधना सिंह को संस्कार भारती ब्रज प्रांत का प्रांतीय संरक्षक घोषित किया गया है।
संस्कार भारती ब्रज प्रांत के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने इसकी औपचारिक जानकारी देते हुए बताया कि दोनों वरिष्ठ चित्रकार लंबे समय से भारतीय कला और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय भूमिका निभाती रही हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
82 वर्षीय वरिष्ठ चित्रकार डॉ सरोज भार्गव आगरा के प्रतिष्ठित बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य तथा ललित कला संस्थान की निदेशक रह चुकी हैं। वह वर्ष 1981 में संस्कार भारती की स्थापना काल से ही संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। कला शिक्षा, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और चित्रकला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल द्वारा कलाश्री योगेंद्र पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया था।
इसी प्रकार 71 वर्षीय वरिष्ठ चित्रकार डॉ साधना सिंह भी बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय के चित्रकला विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष रह चुकी हैं और संस्कार भारती के स्थापना काल से ही संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। भारतीय चित्रकला और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा कलाश्री योगेंद्र पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया था।
इस घोषणा के बाद संस्कार भारती और कला जगत से जुड़े अनेक प्रमुख व्यक्तित्वों ने दोनों वरिष्ठ चित्रकारों को शुभकामनाएं दी हैं।