आगरा हाईवे पर सनसनी, दिल्ली से माल लेकर निकले मिनी ट्रक चालक ने उठाया खौफनाक कदम

आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र में रायभा टोल प्लाजा के पास एक मिनी ट्रक चालक ने हाईवे किनारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ग्वालियर निवासी देवेंद्र राठौड़ के रूप में हुई है, जो दिल्ली से माल लेकर रायपुर जा रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले तक उसकी अपने वाहन मालिक से सामान्य बातचीत हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jul 19, 2026 - 20:48
 0
आगरा हाईवे पर सनसनी, दिल्ली से माल लेकर निकले मिनी ट्रक चालक ने उठाया खौफनाक कदम
मिनी ट्रक चालक देवेंद्र राठौड़।

आगरा। आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रायभा टोल प्लाजा के पास हाईवे किनारे एक मिनी ट्रक चालक का शव फंदे से लटका मिला। घटना चामड़ मैया मंदिर के सामने की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, केंट्रा वाहन संख्या CG 04 PG 7338 का चालक हाईवे किनारे खड़े वाहन से कुछ दूरी पर फंदे से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत अछनेरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

ग्वालियर का रहने वाला था चालक

वाहन मालिक ब्रजेश शर्मा ने मृतक की पहचान देवेंद्र राठौड़ निवासी बहट, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रूप में की है। उन्होंने बताया कि देवेंद्र दिल्ली से माल लेकर रायपुर जा रहा था। ट्रक में वह अकेला था और उसके साथ कोई परिचालक मौजूद नहीं था।

सुबह तक सब कुछ सामान्य था

ब्रजेश शर्मा के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ से दस बजे के बीच उनकी देवेंद्र से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान देवेंद्र पूरी तरह सामान्य लग रहा था और उसने किसी भी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। देवेंद्र ने मालिक को बताया था कि वह पिछले दो दिनों से ट्रांसपोर्ट नगर में वाहन से संबंधित काम करवा रहा था। इसके अलावा, वाहन मालिक ने उसे रास्ते में घर पर रुकने के लिए भी कहा था, जिस पर उसने सहमति जताई थी।

दोपहर में अचानक उठाया खौफनाक कदम

परिजनों और वाहन मालिक के मुताबिक, सुबह तक सब कुछ ठीक था, लेकिन दोपहर में अचानक देवेंद्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सभी तथ्यों को जांच में शामिल कर लिया है। साथ ही चालक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अछनेरा थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।