शमशाबाद रोड पर सनसनी, दुकान के ऊपर खिड़की से लटका मिला शव, आत्महत्या या साजिश? एकता थाना क्षेत्र में घटना से फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस
आगरा के थाना एकता क्षेत्र में शमशाबाद रोड पर एक दुकान के ऊपर बने आवास में खिड़की से एक व्यक्ति का शव लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और यह जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या।
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में शमशाबाद रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने आवास में खिड़की के जंगले से एक व्यक्ति का शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब आसपास के लोगों की नजर ऊपर गई तो खिड़की से लटका शव दिखाई दिया। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती कार्रवाई के तहत शव को नीचे उतरवाने की प्रक्रिया की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की पुष्टि की गई है, लेकिन जांच अभी प्रारंभिक चरण में है, इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, वहीं पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।