सेवा आगरा के 21 वर्ष पूरे, स्थापना दिवस पर हजारों राहगीरों को पिलाया गया ठंडा मिल्क रोज
आगरा। सामाजिक संस्था सेवा आगरा ने अपना 21वां स्थापना दिवस सेवा और परमार्थ की भावना के साथ मनाया। स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा भवन में राहगीरों के लिए मिल्क रोज प्याऊ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि पार्षद पूजा बंसल ने राहगीरों को अपने हाथों से मिल्क रोज पिलाकर सेवा अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सेवा आगरा के संस्थापक मुरारी लाल गोयल ने कहा कि संस्था ने सेवा और सामाजिक सरोकारों की भावना के साथ 21 वर्षों का गौरवपूर्ण सफर पूरा किया है। भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों को शीतल मिल्क रोज उपलब्ध कराना मानव सेवा का एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि सुबह से देर शाम तक संचालित इस प्याऊ का हजारों राहगीरों ने लाभ उठाया।
उन्होंने बताया कि सेवा आगरा केवल जल सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित के अनेक कार्य वर्षों से लगातार कर रही है। संस्था हेलमेट लगाओ-जीवन बचाओ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, जल सेवा, मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति प्रदान करना तथा सामूहिक कन्या विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा कर रही है।
मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसी संस्थाएं मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने सेवा आगरा के कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ समाज सेवा करते रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पूजा बंसल ने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए शीतल पेयजल और मिल्क रोज की व्यवस्था अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ मानवता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में संस्था की संस्थापक सुमन गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल, हरिओम गोयल, कुमकुम उपाध्याय, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, राहुल कुशवाहा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।