सेवा आगरा ने महाराजा अग्रसेन प्रतिमा का किया दुग्धाभिषेक और आरती, समाज के सुख-दुख में खड़े रहने का लिया संकल्प

आगरा। सेवा आगरा के तत्वावधान में आईटीआई बल्केश्वर चौराहा स्थित अग्रसेन पार्क में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ दुग्धधारा द्वारा अभिषेक किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

May 11, 2026 - 13:07
 0
सेवा आगरा ने महाराजा अग्रसेन प्रतिमा का किया दुग्धाभिषेक और आरती, समाज के सुख-दुख में खड़े रहने का लिया संकल्प
बल्केश्वर में आईटीआई चौराहा स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक और माल्यार्पण करते पार्षद मुरारी लाल गोयल और अन्य।

कार्यक्रम में समाज सेवा, परमार्थ और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए वक्ताओं ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की एक रुपया एक ईंट की नीति आज भी समाज को सहयोग, सेवा और परमार्थ की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्राचीन मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने महाराजा अग्रसेन जी को कलयुग में आदर्श राजा के रूप में स्थापित होने का आशीर्वाद दिया था।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि घरों में होने वाले जन्मदिन, शादी की सालगिरह और अन्य उत्सवों को केवल निजी आयोजन तक सीमित न रखकर जरूरतमंदों की सहायता और समाजहित के कार्यों से भी जोड़ा जाए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज के हर वर्ग के साथ दुख-सुख में खड़े रहने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के लोगों से प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले अभिषेक और आरती कार्यक्रम में नियमित रूप से शामिल होने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर सुमन गोयल, संजय अग्रवाल, हरिओम गोयल, भोलानाथ बंसल, भावेश अग्रवाल, प्रमिल अग्रवाल, कुमकुम, पूजा, विश्वनाथ, मयंक, विनय अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor