शाहजहांपुर में शादी में बैंड वाले को पैसे नहीं दिए, शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर भी बरातियों का हमला, महिला समेत पांच गिरफ्तार
-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। जिले में एक शादी समारोह के बाद बैंड के बकाया पैसे को लेकर ऐसा बवाल खड़ा हुआ कि बरातियों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना मदनापुर क्षेत्र के एक कस्बे में आई बरात में बैंड स्वामी विपिन राठौर का 22 हजार रुपये का भुगतान तय हुआ था, लेकिन कार्यक्रम के बाद उसे केवल 1000 रुपये ही दिए गए। जब रविवार सुबह उसने शेष रकम की मांग की, तो वर पक्ष के लोगों ने पैसे देने से इनकार करते हुए उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
बैंड स्वामी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति शांत होने के बजाय और बिगड़ गई। आरोप है कि वर पक्ष के लोग अचानक उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला भी हमलावरों में शामिल रही, जिसने बैग से पुलिसकर्मियों पर वार किया।
घटना के दौरान पुलिसकर्मी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटे और थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋषिपाल, बलराम, प्रीति, गोपाल और अमित को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिसकर्मी मोहित कुमार की तहरीर पर सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कई लोग मिलकर दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर रहे हैं, जबकि एक महिला भी हमले में सक्रिय रूप से शामिल है।