परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा, शंखध्वनि और जयघोष से गूंजा शमसाबाद

आगरा के शमसाबाद में परशुराम जयंती के अवसर पर भगवान परशुराम ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और सीमा उपाध्याय की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के बाद विशाल ऋषिभोज का आयोजन भी किया गया।

May 1, 2026 - 20:50
 0
परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा, शंखध्वनि और जयघोष से गूंजा शमसाबाद
शोभायात्रा में शामिल कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय आदि।

आगरा। परशुराम जयंती के अवसर पर भगवान परशुराम ब्राह्मण सेवा समिति, शमसाबाद (रजि.) के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा बड़े धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

शोभायात्रा में भगवान परशुराम जी का आकर्षक एवं सुसज्जित डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखध्वनि और “जय परशुराम” के जयघोषों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और बच्चे उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम भवन, राजाखेड़ा रोड से स्वामी केशवा नन्द जी महाराज (वृंदावन धाम) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष हाथरस एवं पूर्व सांसद फतेहपुर सीकरी सीमा उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के अद्वितीय समन्वय के प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से उनके त्याग, तपस्या और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी निभाता रहेगा। यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का सशक्त संदेश है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में पं. पी.सी. बोहरा, अध्यक्ष, परशुराम सेना, जिला धौलपुर, पं. राजवीर लवानियां जिला अध्यक्ष, भा.कि.यू., पं. श्रीभगवान शर्मा एवं पं. महेश उपाध्याय भी मौजूद रहे। शोभायात्रा भगवान परशुराम भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई एस.एस. डिग्री कॉलेज मोड़, आगरा रोड पर सम्पन्न हुई। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा के समापन के उपरांत दीक्षित आइस एंड कोल्ड स्टोर, शमसाबाद में ऋषिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के अध्यक्ष पं. राकेश शर्मा एवं प्रधान सूरज शर्मा ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की।