बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात: स्कूल यूनिफॉर्म में मिली 18 वर्षीय छात्रा की लाश, बरेली में हाईवे किनारे खेत से फैली सनसनी, गला दबाकर हत्या की आशंका

आरके सिंह--बरेली। जिले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब थाना सीबीगंज क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली–लखनऊ हाईवे के पास एक खेत में स्कूल यूनिफॉर्म पहने लगभग 18 वर्षीय अज्ञात छात्रा का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

May 16, 2026 - 21:41
 0
बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात: स्कूल यूनिफॉर्म में मिली 18 वर्षीय छात्रा की लाश, बरेली में हाईवे किनारे खेत से फैली सनसनी, गला दबाकर हत्या की आशंका
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में हाईवे किनारे खेत में पड़ी छात्रा की लाश।

सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। शव की स्थिति और प्रारंभिक जांच के आधार पर गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मुंह से खून, शरीर पर चोट के निशान; दूसरी जगह वारदात की आशंका

पुलिस जांच में मृतका के घुटनों और कोहनी पर चोट (कंट्यूजन जैसी इंजरी) के निशान पाए गए हैं, जबकि मुंह से खून निकलने की भी पुष्टि हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात किसी अन्य स्थान पर अंजाम देने के बाद शव को हाईवे किनारे खेत में लाकर फेंका गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी, चार टीमें गठित

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों से संपर्क किया जा रहा है और गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही इस केस के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस सहित कुल चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

स्कूल यूनिफॉर्म से पहचान की कोशिश, ग्रामीणों में आक्रोश

मृतका ने नीले रंग की सलवार और सफेद कुर्ती पहने हुई थी, जो स्कूल यूनिफॉर्म जैसी प्रतीत हो रही है। पुलिस आसपास के स्कूलों से भी यूनिफॉर्म की जानकारी जुटा रही है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

घटनास्थल का निरीक्षण स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा किया गया। उनके साथ पुलिस बल और फील्ड यूनिट की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor