पांच महीने से फरार शूटर गिरफ्तार, केटरिंग कर्मी पर फायरिंग करने वाला दबोचा

आगरा के थाना एकता क्षेत्र में केटरिंग का काम करने वाले युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद से करीब पांच महीने से फरार चल रहे आरोपी भरत जादौन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Jun 13, 2026 - 20:15
 0
पांच महीने से फरार शूटर गिरफ्तार, केटरिंग कर्मी पर फायरिंग करने वाला दबोचा
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

आगरा।  थाना एकता क्षेत्र में दिसंबर 2025 में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी। पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को केटरिंग का कार्य करने वाला एक युवक टीडीआई मॉल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान भरत जादौन अपने चार-पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवक को रोक लिया।

बताया गया कि पहले आरोपी और उसके साथियों ने युवक के साथ मारपीट की। जब पीड़ित ने विरोध किया तो मामला और गंभीर हो गया। आरोप है कि भरत ने अवैध तमंचा निकालकर युवक पर फायर कर दिया।

भीड़ जुटी तो धमकी देकर भाग निकले आरोपी

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित की तहरीर पर थाना एकता पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन भरत गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी

करीब पांच महीने की तलाश के बाद पुलिस को 12 जून 2026 को महत्वपूर्ण सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी भरत पुत्र राजवीर जादौन को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। साथ ही एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके साथ घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।