आगरा में दीपों की ज्योति में नहाया श्री अक्रूर मंदिर: भक्ति, भोग और यज्ञ से गूंजा पूरा परिसर

आगरा। शास्त्रीपुरम में लखनपुर स्थित श्री अक्रूर जी मंदिर में 9वें स्थापना दिवस का आयोजन अद्भुत भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। दीपों की झिलमिलाती रोशनी, फूलों से सजे भव्य बंगले और ठाकुर जी के मनोहारी श्रृंगार ने पूरे मंदिर परिसर को दिव्यता से सराबोर कर दिया। छप्पन भोग, हवन-पूजन और दीप यज्ञ के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आस्था का अनुपम प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण भक्तिरस में पूरी तरह डूब गया।

May 6, 2026 - 21:17
 0
आगरा में दीपों की ज्योति में नहाया श्री अक्रूर मंदिर: भक्ति, भोग और यज्ञ से गूंजा पूरा परिसर
लखनपुर (शास्त्रीपुरम) स्थित श्री अक्रूर जी मंदिर में नवें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

फूल बंगला और श्रृंगार ने मोह लिया मन

प्रातःकाल ठाकुर जी की पोशाक परिवर्तन के साथ मंदिर पर आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। सजे-धजे स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और जय-जय श्री राधे के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। भक्ति का ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया।

सायंकाल ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे भोग ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया और सभी ने श्रद्धा के साथ दर्शन किए। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। 

दीप यज्ञ में झलकी आध्यात्मिक ऊर्जा

गायत्री शक्तिपीठ के तत्वावधान में हवन-पूजन एवं दीप यज्ञ का आयोजन हुआ। गायत्री मंत्रों की गूंज और सैकड़ों दीपों की ज्योति ने पूरे मंदिर परिसर को प्रकाशमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर यज्ञ में सहभागिता की और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

मुख्य वक्ता दाऊदयाल गुप्ता ने कहा कि श्री अक्रूर मंदिर केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता का मजबूत केंद्र है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने दीप यज्ञ को अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक बताते हुए जीवन में सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया।

गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

समारोह में इं. एनसी गुप्ता, डॉ. अशोक वार्ष्णेय (होम्योपैथी), इं. पीएस गुप्ता, इंजी. डी.सी. वार्ष्णेय, संजीव बाबू गुप्ता, के.एम. गुप्ता (मीडिया प्रभारी), विनोद कुमार गुप्ता, कालीचरण गुप्ता, योगेश गुप्ता, कुलदीप वार्ष्णेय, आर.बी. गुप्ता, लक्ष्मीनारायण वार्ष्णेय, पंकज वार्ष्णेय, दिनेश चन्द्र गुप्ता, पुलकित गुप्ता, मुनेंद्र वार्ष्णेय, प्रह्लाद चंद वार्ष्णेय, डॉ. अशोक वार्ष्णेय (पोलीपैक), दीपक वार्ष्णेय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वार्ष्णेय महिला मंडल की अध्यक्ष मंजू वार्ष्णेय, सचिव रीनू वार्ष्णेय और कोषाध्यक्ष सीमा वार्ष्णेय की सक्रिय सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।

SP_Singh AURGURU Editor