गौसेवा और जलसेवा से श्री गिरिराज सेवक मंडल ने जगाई मानवता की अलख

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार ने सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को साकार करते हुए गुरुवार को अग्रवन वाटर वर्क्स गौशाला में गौसेवा तथा वाटर वर्क्स चौराहा स्थित पुल के नीचे राहगीरों के लिए शीतल जल सेवा का शुभारंभ किया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा अभियान ने मानवता, करुणा और सामाजिक दायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

May 21, 2026 - 20:23
 0
गौसेवा और जलसेवा से श्री गिरिराज सेवक मंडल ने जगाई मानवता की अलख
श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार द्वारा पुरुषोत्तम मास में अग्रवन गौशाला में गौसेवा एवं वाटर वर्क्स चौराहा पर शीतल जल सेवा का शुभारंभ करते सदस्य।

कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवन वाटर वर्क्स गौशाला में गौमाता की सेवा से हुई, जहां सेवक मंडल के सदस्यों ने गौवंश को हरा चारा, गुड़ एवं अन्य आहार समर्पित कर विधिवत सेवा की। श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हुए इस आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार बताया।

सेवक मंडल के अजय गोयल, मनोज अग्रवाल, पवन अग्रवाल, श्याम सुंदर माहेश्वरी, मनीष गोयल एवं नीरज अग्रवाल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में गौसेवा का विशेष महत्व होता है। गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि समाज में करुणा, दायित्वबोध और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।

इसके उपरांत वाटर वर्क्स चौराहा स्थित पुल के नीचे राहगीरों, श्रमिकों और यात्रियों के लिए मिनरल वॉटर की शीतल जल टंकी स्थापित कर जलसेवा का शुभारंभ किया गया। तपती गर्मी को देखते हुए शुरू की गई इस सेवा के माध्यम से दिनभर लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में गौसेवा संयोजक रमाशंकर मीना गुप्ता, शेखर अग्रवाल, अमित मित्तल, द्वारकेश अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल तथा जलसेवा प्रभारी शेखर अग्रवाल एवं अंकुर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी जन उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।

SP_Singh AURGURU Editor