यमुना तट पर पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
आगरा। यमुना नदी तट स्थित श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सोमवार को पूर्णाहुति, ब्राह्मण विदाई और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के दिव्य वातावरण में संपन्न हो गया। अंतिम दिवस सुबह से ही कथा मंडपम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हरि बोल के जयकारों के बीच संपन्न हुई पूर्णाहुति के बाद पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
विशाल कथा मंडपम में हवन और पूर्णाहुति के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भावविभोर होकर कथा विश्राम के क्षणों को निहारते रहे। पूर्णाहुति के बाद ब्राह्मणों का विधिवत सम्मान एवं विदाई की गई। यमुना आरती के समय श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया।
कथा व्यास महंत योगेश पुरी ने ब्राह्मण सेवा और पूर्णाहुति का महत्व बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में ब्राह्मण केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि वेद ज्ञान और धर्म परंपरा के संवाहक होते हैं। जहां ब्राह्मणों का सम्मान और सेवा होती है, वहां ईश्वर की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यज्ञ, कथा और धर्म आयोजन तभी पूर्ण माने जाते हैं, जब उनमें सेवा, समर्पण और कृतज्ञता का भाव समाहित हो।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने आयोजन में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं, सेवाभावियों और व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना तट पर आयोजित यह श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, ब्रज परंपरा और सामाजिक समरसता का महाकुंभ बन गया। उन्होंने कहा कि सात दिनों तक हजारों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण, यमुना आरती, गौ पूजन, रुद्राभिषेक और बाल संस्कार शिविर में भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि कथा मंडपम में प्रतिदिन उमड़ी श्रद्धा यह सिद्ध करती है कि समाज आज भी अपनी संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 31 मई को श्रवण गंगा सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क गंगा स्नान बस यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोई भी श्रद्धालु सहभागिता कर सकता है। उन्होंने बताया कि सूर्य प्रताप सिंह द्वारा यह सेवा लगातार 51वीं बार संचालित की जा रही है।