अबीर-गुलाल की बौछार में झूम उठा श्याम दरबार, जयपुर के गुलाल गोटों की होली में सराबोर हुए हजारों भक्त

आगरा। फाल्गुन की मस्ती, जय श्री श्याम के जयघोष और अबीर-गुलाल की रंगीन बौछारों के बीच जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर का प्रांगण बुधवार को आस्था और उल्लास के विराट उत्सव में बदल गया। दस दिनों तक चले श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का समापन ऐसे दिव्य और रंगारंग अंदाज में हुआ कि पूरा श्याम दरबार भक्तिरस और रंगों में डूबता नजर आया। जयपुर से विशेष रूप से मंगवाए गए गुलाल के गोटों से खेली गई होली में हजारों श्रद्धालु सराबोर हो गए।

Mar 5, 2026 - 12:09
 0
अबीर-गुलाल की बौछार में झूम उठा श्याम दरबार, जयपुर के गुलाल गोटों की होली में सराबोर हुए हजारों भक्त
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के समापन पर गुलाल की होली खेलते श्रद्धालु।

महोत्सव के अंतिम दिन श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से भक्तों के साथ विशेष होली उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जयपुर से मंगवाए गए गुलाल के गोटों की होली खेली गई। जैसे ही गुलाल के गोटे खुले, मंदिर परिसर में गुलाबी, लाल और रंग-बिरंगे गुलाल की बौछार होने लगी और देखते ही देखते पूरा परिसर रंगों की चादर से ढंक गया।

समापन दिवस पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा को श्वेत वस्त्रों से अलंकृत कर दिव्य रूप में सजाया गया, जिसने भक्तों का मन मोह लिया। सफेद पोशाक में सजे बाबा श्याम का अलौकिक स्वरूप देखते ही बनता था। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और प्रेम से बाबा के चरणों में गुलाल अर्पित किया और उनके वस्त्रों पर भी गुलाल चढ़ाकर अपनी भक्ति प्रकट की। मंदिर परिसर में चारों ओर उड़ते गुलाल के बीच भक्तों ने एक-दूसरे के साथ होली खेलते हुए आनंद के क्षणों को यादगार बना दिया।

महोत्सव के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में भजनों और संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं। भक्तों ने भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए और जयघोष लगाते हुए पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor