फलों की सुगंध से महका श्याम दरबार, अंगूर–चैरी–रसभरी से सजा अलौकिक श्रृंगार, विविध आयोजनों से श्याम भक्ति के रंग में आगरा सराबोर
आगरा। फाल्गुन के पावन माह में आगरा की धरती एक बार फिर श्याम भक्ति, उल्लास और परंपरा के रंगों में रंग उठी। कहीं श्याम दरबार फलों की होली से सजा, तो कहीं मेहंदी, संकीर्तन और निशान यात्रा की तैयारियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। खाटू नरेश की आराधना में श्रद्धालुओं ने प्रेम, संगीत और भक्ति के अनूठे संगम का साक्षात् अनुभव किया।
श्याम नाम की खुशबू में रंगी फाल्गुन संध्या, फलों की होली से सजी भक्तिमय बेला
आगरा। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रहे श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के तृतीय दिवस मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और रंगों से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर श्याम बाबा के दरबार में फलों की होली का मनोहारी आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।
श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार हरे-काले अंगूर, लाल सुर्ख चैरी और रसभरी से किया गया। रंग-बिरंगे, सुगंधित फलों से सजा श्याम दरबार ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रकृति स्वयं अपने वैभव के साथ बाबा की सेवा में उपस्थित हो। बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
भजन संध्या के मधुर वातावरण में “श्याम नाम” की गूंज के बीच भक्तों पर फलों की बौछार की गई। श्रद्धालुओं ने उल्लासपूर्वक इस अनोखी होली का आनंद लिया। पूरा मंदिर परिसर जयघोषों, तालियों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि 4 मार्च तक प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार की होली खेली जाएगी। तृतीय दिवस की फलों की होली में श्रृंगार एवं पोशाक सेवा विवेक अंकुश अग्रवाल द्वारा, इत्र सेवा अमरनाथ मंगल व मनोज गोयल द्वारा तथा फल होली सेवा अंकित अग्रवाल द्वारा संपन्न की गई। लाइटिंग सेवा प्रतिदिन की भांति कृष्ण देव ने संभाली। उन्होंने बताया कि गुरुवार को मंदिर में टॉफी-चॉकलेट की होली का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं। देर रात तक भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा और पूरा परिसर श्याम भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।
Top of Form
Bottom of Form
फलों की होली से सजा श्याम दरबार, आज होगी चॉकलेट की होली

कटरा जोगीदास स्थित खाटू श्याम मंदिर में फलों की होली का एक दृश्य।
कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मौसमी फलों से सुसज्जित भव्य बंगले में विराजमान श्याम बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि संतरा, अंगूर, सेब, रसभरी सहित विभिन्न फलों से सजी श्याम दरबार की अलौकिक छटा ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।
महोत्सव संयोजक अनूप अग्रवाल ने बताया कि मंदिर कमेटी द्वारा भक्तों को फलों का प्रसाद वितरित किया गया। गुरुवार को विशेष टॉफी और चॉकलेट की होली आयोजित की जाएगी, जिसमें श्याम बाबा को चॉकलेट-टॉफी से सजे बंगले में विराजमान किया जाएगा। बाबा का श्रृंगार महंत पिंटू मिश्रा ने किया। इस दौरान हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा...के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
अष्ठम फागोत्सव की शुरुआत, मेहंदी और संकीर्तन में रचा श्याम रंग

श्याम भक्त सेवा समिति द्वारा अष्ठम फागोत्सव के अंतर्गत मेहंदी रचाती महिलाएं।
इसी क्रम में आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति द्वारा रंगभरनी एकादशी के उपलक्ष्य में अष्ठम फागोत्सव का शुभारंभ किया गया। श्याम प्रेमियों ने हाथों में श्याम नाम की मेहंदी रचाई और मंजीरों-ढोलक की मधुर थाप पर भक्ति में झूमते नज़र आए। अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि 27 फरवरी को श्री मनकामेश्वर नाथ मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, 28 फरवरी को जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्री श्याम संकीर्तन होगा और 1 मार्च को खाटू नरेश को विशेष पोशाक अर्पित की जाएगी।
मेहंदी उत्सव में भजन गायकों विकास वर्मा, त्रिलोकी शर्मा और दीपक ठाकुर ने श्याम भजनों से वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। “श्याम नाम की मेहंदी”, “श्याम रंग चढ़ा मेहंदी का” जैसे भजनों पर महिलाएं स्वयं को नृत्य से रोक न सकीं और पूरा आयोजन श्याम प्रेम के रंग में रंग गया।