आगरा के श्री शांतिनाथ जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान सम्पन्न, विश्व शांति के लिए हुई पूर्णाहुति
आगरा के सिकंदरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान और विश्व शांति महायज्ञ का समापन श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक, शांतिधारा और पूर्णाहुति के बाद होली मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।
आगरा। ताजनगरी में धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब सेक्टर-7, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का समापन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
समापन दिवस की शुरुआत प्रातःकाल भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक और शांतिधारा से हुई। मंदिर परिसर में भक्तों की उपस्थिति के बीच धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए गए। पूरे वातावरण में मंत्रोच्चार, भक्ति गीत और स्तुति-वंदनाओं की मधुर ध्वनि गूंजती रही, जिससे परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर बाल ब्रह्मचारी पीयूष शास्त्री एवं पंडित आशुतोष शास्त्री के सान्निध्य में विधान पूजन संपन्न कराया गया। पूर्णाहुति के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, समाज की उन्नति और मानव कल्याण की मंगलकामना की। कार्यक्रम के दौरान सभी इंद्र-इंद्राणियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत मंदिर परिसर में होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, सहयोगकर्ताओं और आयोजन में विशेष योगदान देने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक अशोक कुमार जैन, अध्यक्ष राजेश बैनाड़ा, मंत्री विजय जैन निमोरब, मगन कुमार जैन, अरुण जैन, महेश चंद जैन, सुशील जैन, अनिल आदर्श जैन, सतेंद्र जैन, राकेश जैन, राम प्रकाश जैन, अतुल जैन, प्रमोद जैन, विवेक जैन, अंकित जैन, संजीव जैन और मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने मिलकर धार्मिक अनुष्ठान के सफल समापन पर प्रसन्नता व्यक्त की।