सिकंदरा पुलिस ने 11.6 किलो गांजा संग दो तस्कर किए गिरफ्तार, मथुरा सप्लाई की थी तैयारी

आगरा के सिकंदरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 11.6 किलो अवैध गांजा बरामद किया। आरोपियों के पास से बाइक, मोबाइल और नकदी भी मिली। पूछताछ में उन्होंने मथुरा-आगरा में सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

May 5, 2026 - 21:28
 0
सिकंदरा पुलिस ने 11.6 किलो गांजा संग दो तस्कर किए गिरफ्तार, मथुरा सप्लाई की थी तैयारी
पुलिस की गिरफ्त में गांजा तस्कर।

आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से 11 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 5,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

घटना 4 मई की बताई जा रही है, जब सिकंदरा थाना पुलिस क्षेत्र में हीरालाल गार्डन के पास नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से पनवारी अड्डा मार्ग होते हुए मथुरा की ओर जा रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में गांजा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णपाल सिंह पुत्र ओमवीर सिंह और अरुण पुत्र कपिलदेव, निवासी ग्राम नगर, थाना अछनेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मथुरा हाईवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों से गांजा खरीदते थे और फिर उसे आगरा व मथुरा में सप्लाई करते थे। गिरफ्तारी के दिन भी वे इसी खेप को बेचने के लिए मथुरा जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कृष्णपाल सिंह एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही करीब 10 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इन मामलों में धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं, आरोपी अरुण का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।