“टेबल के सामने बैठो, वरना आगरा पुलिस रगड़ देगी”- दरोगा की धमकी कैमरे में कैद

आगरा के थाना सिकंदरा में तैनात दरोगा सुरजीत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह एक युवक को धमकाते और वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो नोएडा में पूछताछ के दौरान बनाया गया था। मामले में वादी मुकेश पर पहले से एक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसने भी फरवरी 2026 में सिकंदरा थाने में क्रॉस मुकदमा दर्ज कराया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि अभी तक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Mar 8, 2026 - 16:13
 0
“टेबल के सामने बैठो, वरना आगरा पुलिस रगड़ देगी”- दरोगा की धमकी कैमरे में कैद
सीसीटीवी में कैद आरोपी दरोगा।

आगरा। आगरा पुलिस के एक दरोगा का युवक को धमकाने और वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं और पूरे मामले में चर्चा का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दरोगा सुरजीत सिंह हैं, जो इस समय थाना सिकंदरा में तैनात बताए जा रहे हैं। वीडियो में वह एक युवक से सख्त लहजे में बात करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान दरोगा युवक से कहते सुनाई दे रहे हैं- “टेबल के आमने-सामने बैठ जाओ, वरना आगरा पुलिस रगड़ देगी।”

यही नहीं, पूछताछ के दौरान दरोगा ने वकीलों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। वीडियो में वह कहते सुनाई देते हैं कि “वकील बेवकूफ बनाते हैं, कुछ नहीं कर पाते।” इस टिप्पणी के बाद अधिवक्ताओं के बीच भी नाराजगी की चर्चा शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो नोएडा का है, जहां दरोगा सुरेशचंद नाम के व्यक्ति के बेटे से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

मामले की पड़ताल में यह भी सामने आया है कि वादी मुकदमा मुकेश के खिलाफ पहले से ही एक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि 6 नवंबर 2025 को थाना न्यू आगरा में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा हाथरस में भी मुकेश और उसके साथियों पर इसी तरह के आरोपों में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आ रही है।

दूसरी ओर, मुकेश की ओर से फरवरी 2026 में थाना सिकंदरा में एक क्रॉस मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि यह मुकदमा थाना स्तर पर सांठगांठ कर दर्ज कराया गया। चर्चा यह भी है कि धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज करने के लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति जरूरी होती है, लेकिन आरोप है कि बिना अनुमति के ही मामला दर्ज कर लिया गया।

वीडियो के वायरल होने के बाद पूरे प्रकरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस विभाग इस वायरल वीडियो पर क्या कार्रवाई करता है।