यमुना एक्सप्रेस-वे पर तड़के मौत की रफ्तार, , पति-पत्नी समेत 6 की मौत, होली मनाने घर लौट रहे थे सभी
हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के डबल डेकर बस और ईको वैन की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। सभी होली मनाने घर लौट रहे थे। बस द्वारा ओवरटेक के दौरान पीछे से टक्कर मारने से वैन उछलकर दूर जा गिरी। घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हाथरस में डबल डेकर बस ने ईको वैन को मारी टक्कर
हाथरस। होली की खुशियां मातम में बदल गईं, जब मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 पर तेज रफ्तार का कहर टूट पड़ा। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को ओवरटेक करने की कोशिश में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री होली का त्योहार मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
मरने वालों में आगरा और धौलपुर के लोग शामिल
हादसे में तीन मृतक आगरा और तीन राजस्थान के धौलपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह, सुनीता (51) पत्नी दिनेश
निवासी गंगोलियापुर, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान),लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह
निवासी चमोली घर, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, दिनेश नोएडा सेक्टर-41 में मिठाई की दुकान चलाते थे। वह अपनी पत्नी के साथ होली मनाने गांव लौट रहे थे। उनके दो बच्चे भी घायल हुए हैं।
वैन में 13 लोग थे सवार
दिल्ली से धौलपुर जा रही ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे। हादसे में चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश घायल हो गया। इसके अलावा मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन (8), अंशु (6), लक्ष्य (1), प्राची (3), पूनम बघेल (15) सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को पहले खंदौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में तीन को आगरा के SN मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया।
चीख-पुकार और जाम से थम गई रफ्तार
टक्कर के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर शव बिछ गए और यातायात ठप हो गया। सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बस चालक ईको वैन को ओवरटेक कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बस चालक, कंडक्टर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना सामने आई है।