आगरा के यमुना पार क्षेत्र में लगे कॊकरोच जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे, अधेड़ व्यक्ति कॉकरोच का रूप धारण कर मंदिर पहुंचा था
आगरा। तथाकथित कॊकरोच जनता पार्टी की चर्चा आगरा तक पहुंच गई है। आगरा के एत्मादुद्दौला क्षेत्र स्थित नगला बिहारी इलाके में शनिवार को उस समय अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला माहौल बन गया जब एक अधेड़ व्यक्ति ने ‘कॉकरोच’ का रूप धारण कर लिया। यह घटना देखते ही देखते इलाके में चर्चा का विषय बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस दौरान कॊकरोच जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे भी लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह व्यक्ति अजीब हरकतें करते हुए सीधे एक स्थानीय मंदिर परिसर में पहुंच गया, जहां उसकी विचित्र गतिविधियों को देखकर ग्रामीण और श्रद्धालु हैरान रह गए। कुछ ही देर में मंदिर परिसर में भारी भीड़ एकत्रित हो गई और माहौल शोरगुल में बदल गया।
कुछ लोग जल्दी ही समझ गये कि यह व्यक्ति कॊकरोच का रूप धारण करके क्या संदेश दे रहा है। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों द्वारा ‘कॉकरोच पार्टी जिंदाबाद’ जैसे नारे भी लगाए जाने लगे, जिससे स्थिति और अधिक अजीबोगरीब हो गई। इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके को चर्चा और आश्चर्य में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि ‘कॉकरोच’ बने इस व्यक्ति का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी प्रशासनिक या पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह घटना लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।